WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

10 साल की पंडिताई की कमाई 10 मिनट में राख: सिलेंडर में लगी आग से धार्मिक ग्रंथ, 7 लाख नकदी और गृहस्थी जलकर खाक..

बहन की शादी के लिए अलग रखे थे 3 लाख रुपए, हो गए खाक,गांव वालों ने परिवार और मवेशियों को बचाया

269

10 साल की पंडिताई की कमाई 10 मिनट में राख: सिलेंडर में लगी आग से धार्मिक ग्रंथ, 7 लाख नकदी और गृहस्थी जलकर खाक..

छतरपुर: छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गठेवरा में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को कुछ ही मिनटों में राख कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान, धार्मिक ग्रंथ और करीब 7 लाख रुपए नकद जलकर खाक हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित अशोक चौबे ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने महाराजपुर गए हुए थे। घर पर उनकी माताजी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

अशोक चौबे ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से पंडिताई कर मेहनत से पैसे जोड़ रहे थे। घर में रखे धार्मिक ग्रंथ, पोथी-पत्रा, पूजा सामग्री और गृहस्थी का सामान भी आग में पूरी तरह जल गया। नकदी में करीब 3 लाख रुपए उनकी बहन की शादी के लिए अलग से रखे गए थे, जो अब राख बन चुके हैं।

घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। घर में बंधी गाय-भैंस सहित अन्य मवेशियों को भी ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। हालांकि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर का अधिकांश सामान नहीं बचाया जा सका।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर से उठती आग की ऊंची लपटें और लोगों की भागदौड़ साफ दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।