WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

बड़े भाई के खिलाफ दर्ज होगा हत्या की कोशिश का प्रकरण

744

बड़े भाई के खिलाफ दर्ज होगा हत्या की कोशिश का प्रकरण

भोपाल। शहर के टीला जमालपुरा इलाके में स्थित कांग्रेस नगर में रहने वाले युवक ने अपने सगे भाई को प्रापर्टी विवाद के चलते जिंदा जला दिया। परिजनों और पड़ोसियों ने समय रहते युवक को किसी तरह से बचाया। उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी फरियादी की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने फिलहाल साधारण धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मरणासन कथन के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय जेबा खान पत्नी मोहसिन खान निवासी कांग्रेस नगर गृहणी हैं। उनके पति मोहसिन पेंटरी का काम करते हैं। उनके जेठ राशिद खान गांजा पीने के साथ ही अन्य सूखे नशे करने का आदि है। पिछले दिनों ससुर का इंतेकाल हो चुका है। तब से ही राशिद मकान में हिस्से की मांग सास से कर रहा है। जबकि सास हिस्सा नहीं करना चाहती हैं। उन्हें अनुमान है कि राशिद अपने हिससे को बेचकर रकम को बर्बाद कर देगा। वहीं राशिद को शक है कि मोहसिन के बहकावे में मां हिस्सा नहीं कर रही हैं। इसी बात को लेकर राशिद पिछले कुछ दिनों से मोहसिन से विवाद कर रहा था। कल भी दोनों में इसी बात को लेकर विवाद हुआ।

मोहसिन अपने कमरे में जाकर लेट गया। आरोपी ने कॉल कर उसे कमरे से बाहर बुलाया। उस पर केरोसिन आॅयल छिड़का और लाइटर से आग लगा दी। पत्नी जेबा ने कंबल से आग बुझाने की कोशिश की, मां ने भी उसकी मदद की शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मांगी। सभी ने मिलकर किसी तरह से आग को बुझाया और मोहसिन को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आरोपी राशिद खान फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जेबा की शिकायत पर धारा 324 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मोहसिन के कथन दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद हत्या के प्रयास की धारा का प्रकरण दर्ज होगा।