WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Fraud of Cheap Haj Tickets : हज के सस्ते टिकट के नाम पर ठगी, मुंबई से दो गिरफ्तार!

इनके निशाने पर ज्यादातर टूर एंड ट्रेवल्स वाले रहे, जिन्हें करोड़ों का चूना लगाया!

1152
WhatsApp Image 2023 06 13 At 17.25.19

Fraud of Cheap Haj Tickets : हज के सस्ते टिकट के नाम पर ठगी, मुंबई से दो गिरफ्तार!

VDO देखिए, क्राइम ब्रांच के DCP निमिष अग्रवाल ने जानकारी दी!

Indore : क्राइम ब्रांच ने हज यात्रा और वीजा बनवाने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने मुंबई से गिरफ्तार किया। इन आरोपियों ने देशभर में इस तरह कई से ठगी की और करोड़ों रूपए की हेराफेरी की। दिल्ली पुलिस ने इन आरोपियों की गिरफ़्तारी पर इनाम भी घोषित किया है। इसके बाद ये छुपकर मुंबई में रह रहे थे।

क्राइम ब्रांच को पिछले दिनों तनवीर जो इंदौर के रहने वाले हैं और टूर एंड ट्रेवल्स का काम करते हैं, उन्होंने शिकायत की कि उनके साथ मुंबई से जेद्दा की फ्लाइट बुकिंग करवाने के नाम पर 50 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई। इस शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने आरोपी मुजक्किर खान निवासी उत्तर प्रदेश और सैफ खान निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश को मुंबई से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों से जब इंदौर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि फरियादी को सऊदी अरब में उमराह करने के लिए दिल्ली से जेद्दा की फ्लाइट के टिकट सस्ते में बुकिंग करने का बताया। पहले भी सैकड़ों लोगों की फ्लाइट टिकट्स के अलग-अलग स्लॉट बुकिंग की गई।

हज के नाम पर टिकट बुकिंग का फर्जीवाड़ा

उन्होंने बताया कि फरियादी को विश्वास में लेकर ऑनलाइन करीब 50 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने टिकट कैंसिल करवाकर अपने अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह से उन्होंने करीब 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कोलकाता के तनवीर के साथ भी इसी तरह 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है।

उत्तर प्रदेश के देवरिया में भी उन्होंने जावेद से 25 लाख रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। उत्तर प्रदेश के ही बिसौली में भी उन्होंने वीजा करवाने के नाम पर धोखाधड़ी की। मुरादाबाद के हाजी शमीम से भी वीजा करवाने के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी की। बदायूं के रहने वाले फरीद से एक लाख रुपए सऊदी वीजा करवाने के नाम पर ठगे।

अभी और शिकायतें सामने आने का अनुमान

इंदौर क्राइम ब्रांच को अनुमान है कि जिस तरह से उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों में ठगी की वारदात को अंजाम दिया तो निश्चित तौर पर आने वाले दिनों में कई और शिकायतकर्ता आरोपियों की शिकायत लेकर आ सकते हैं। आरोपियों ने करोड़ों रुपए की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। जिन दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, उन पर दिल्ली पुलिस ने भी प्रकरण दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ इनाम की भी घोषणा की थी। आरोपियों को जानकारी लगी तो वे भेष बदलकर मुंबई सहित अन्य जगहों पर रहे थे। लेकिन, उसके बाद भी वे लगातार ऐसे लोगों को टारगेट करके वीजा करवाने की बात करके धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देते रहे।

‘टूर एंड ट्रेवल्स’ के नंबर निकालते और ठगी करते

आरोपी गूगल के माध्यम से ‘टूर एंड ट्रेवल्स’ के नंबर निकालते थे और बल्क में सऊदी अरब की यात्रा करवाने के नाम पर उन्हें अपने झांसे में लेकर ठगी करते। पकड़े गए आरोपियों को कई भाषाएं आती है। इस कारण वे किसी भी व्यक्ति को फोन लगाकर संबंधित लैंग्वेज में बात करके उसे अपने झांसे में ले लेते और धोखाधड़ी करते। पता चला कि आरोपी 5 से अधिक भाषा जानते हैं। इन्हें हिंदी, इंग्लिश, उर्दू, अरबी, मराठी और क्षेत्रीय भाषाएं भी आती है।

VDO देखिए, क्राइम ब्रांच के DCP निमिष अग्रवाल ने जानकारी दी-