WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Weather Update:24 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ से MP में फिर छाएंगे बादल,तापमान में आ सकती है गिरावट!

पश्चिमी हवाएं चलने से बदला मौसम, ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश के आसार

1065

Weather Update: 24 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ से MP में फिर छाएंगे बादल,तापमान में आ सकती है गिरावट!

भोपाल। मध्य प्रदेश में 24 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ से फिर बादल छाएंगे। इससे बढ़ रहे तापमान में गिरावट आ सकती है।

बताया गया है कि पाकिस्तान के आसपास बनी मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। वहां के मैदानी क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला भी बना हुआ है। हवाओं का रुख पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। पछुआ हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया था। आसमान लगभग साफ रहने के कारण रात के समय गुलाबी ठंड बरकरार है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, ग्वालियर-चंबल संभाग में अभी दो दिन तक गरज-चमक के साथ वर्षा होने की स्थिति बनी रह सकती है।

मौजूदा मौसम प्रणालियों के आगे बढ़ने के बाद रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। 24 घंटों के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। शेष क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की बात कही जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है। इनके असर से प्रेरित चक्रवात पश्चिमी राजस्थान पर बना है। इसके अलावा पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर भारत से लेकर मध्य प्रदेश तक 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। उसमें 310 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इसके प्रभाव से उत्तरी मध्य प्रदेश के ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में वर्षा हो रही है। हवाओं का रुख भी पश्चिमी बना रहने से प्रदेश के शेष क्षेत्रों में दिन का तापमान बढ़ रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद दो दिन बाद रात के तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। हालांकि 24 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने से 26 फरवरी के आसपास पूरे प्रदेश में बादल छा सकते हैं।