WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Fake Account for Fraud Money : 15 फर्जी करंट एकाउंट में 5 माह में ठगी के 138 करोड़ मिले! 

इंडसइंड बैंक का मैनेजर मोहम्मद जांबाज खान ही बदमाश निकला! 

2754

Fake Account for Fraud Money : 15 फर्जी करंट एकाउंट में 5 माह में ठगी के 138 करोड़ मिले! 

Indore : फर्जी कंपनी खोलकर देशभर के लोगों से ठगी करने वाले बदमाश को पांच दिन पहले साइबर सेल ने पकड़ा था। बदमाश इंडसइंड बैंक का मैनेजर मोहम्मद जांबाज खान निकला। प्रकरण की विवेचना में पता चला कि उसके विभिन्न बैंकों में फर्जी दस्तावेजों की मदद से 15 करंट अकाउंट हैं। इन खातों में 5 माह में 138 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ।

पुलिस ने फर्जी तरीके से अकाउंट खुलवाने के मामले में नया खुलासा किया। अकाउंट को किराए पर देकर उसमें ठगी के रुपए जमा कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया। इस मामले में इंडसइंड बैक का मैनेजर और डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया गया। राज्य साइबर पुलिस ने बैंक मैनेजर को रिमांड पर लिया था। बताया गया कि उसने ऐसे 15 फर्जी करंट अकाउंट खुलवाए, जिसमें करीब 138 करोड़ का लेनदेन हुआ था। उसने राकेश त्रिपाठी के नाम से अकाउंट खोलकर हेराफेरी की थी।

साइबर सेल के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने कई राज्यों में ठगी की। इसलिए उसके इंदौर, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु में संचालित सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। आरोपी ने इंदौर, नीमच, सेंधवा, धार के पतों पर कई फर्जी फर्में खोल रखी हैं। इन फर्जी फर्मों से जो राशि ठगी में मिली, उसे सियागंज, एयरपोर्ट रोड तथा साउथ तुकोगंज की इंडसइंड बैंक शाखा में जमा कराई थी।

बैंक खातों में सर्वाधिक 58 करोड़ रूपए संजय कमोडिटी नामक फर्जी फर्म में जमा हुए। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इंदौर निवासी फरियादी ने शिकायत की थी। इसमें कहा था कि अज्ञात व्यक्ति ने शेयर ट्रेडिंग एप के माध्यम 8 करोड़ 52 लाख 1000 रुपए की धोखाधड़ी की है।

कई राशि ट्रांसफर कर निकाली

शिकायत की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने फर्जी कंपनी आरके इंटरप्राइजेस सहित अन्य 14 खातों में इस वर्ष अब तक जमा हुए 138 करोड़ रुपए थे। बाद में उसने इस राशि को अधिकांश खातों, एटीएम, अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाला। पुलिस अब आरोपी और उसके परिवार की अवैध रूप से संग्रहित सम्पत्ति एवं बैंक खातों की जांच कर रही है। सूचना के आधार पर यूको बैंक की पिपल्याहाना शाखा के 4 खातों की जानकारी मिली है, जिसमें पाया गया कि उक्त संदेही करंट खाते होकर गुजरात, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना पुलिस द्वारा फ्रीज कराए गए हैं।

यूको बैंक में भी संदिग्ध खाते मिले

राज्य साइबर सेल के मुताबिक पिपल्याहाना की यूको बैंक में भी 4 संदिग्ध अकाउंट मिले। इसे तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र की पुलिस द्वारा फ्रीज करवाए गए हैं। इन चार अकाउंट में भी 30 करोड़ की राशि डाली गई। इसमें अधिकतर राशि ऑनलाइन गैम्बलिंग में विदेश के अकाउंट में जाने की बात सामने आई है। साइबर पुलिस के मुताबिक इस मामले में बैंक मैनेजर जाबाज के परिवार के अकाउंट और संपत्ति की डिटेल भी अब खंगाली जा रही है।