WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home कॉलम

डॉक्टर की पर्ची और अच्छी हैंड राइटिंग?

891

डॉक्टर की पर्ची और अच्छी हैंड राइटिंग?

IMG 20241109 WA0094

पता नही ये खबर कितनी सच्ची कितनी झूठी। झूठी हो तब भी सच्ची मानी जानी चाहिए। आगे से ऐसी हरकत करने वाले बंदों पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए और उनके खिलाफ फौरन कार्रवाई भी की जाना चाहिए।

खबर यह कि दिल्ली के एक डॉक्टर अच्छी हैंड राइटिंग में पर्चा लिखते पकड़े गए। पकड़े गए तो मेडिकल काउंसिल से माफी मांग कर छूटे। हद है ये तो। एक स्टडी बताती है दुनिया भर मे हर साल तक़रीबन सात हजार लोग डॉक्टरों की खराब हैंड राईटिंग की वजह से मर जाते है। पर मेरा मानना है कि डॉक्टर भी पढ़ने लायक़ लिखने लगे तो मरने वाले मरीज़ों की तादाद हज़ारों से लाखों में पहुँच सकती है। तीन चौथाई मरीज़ बीमारी और दवाओं की समझ से ,मारे डर कर कल के बजाय आज ही मर सकते हैं। यह भी मुमकिन है कुछ बदमाश किस्म के मरीज़ ,कंपाउंडर खुद डॉक्टर होने की कोशिश करे। जमाने का इलाज करना शुरू कर दें। खुद भी मरें और आसपास वालो को भी मार दे। मरीज़ों को मारने का काम डॉक्टर का है और उसे यह ज़िम्मेदारी अच्छी हैंडराईटिग जैसी लापरवाही कर किसी और को नहीं सौंपना चाहिए।

इस अच्छी हैंड राइटिंग वाले डॉक्टर को अंदाज़ा नही है उसकी इस हरकत से कितने केमिस्ट बरबाद होंगे। कितनी दुकानें बंद होंगी और कितने मरीज़ वाकई ठीक हो जाएँगे। किसी डॉक्टर के लिए मरीज़ के ठीक हो जाने से बड़ी लानत और क्या हो सकती है डॉक्टर बिरादरी के लिए। ये तो खुद के पेट पर लात मारने जैसा काम है। मरीज़ जल्दी ठीक होने पर कभी डॉक्टर का अहसानमंद नही होता। वो मानता है वो मातारानी की कृपा से, अपने नसीब से ,भरे हुए पर्स की बदौलत ठीक हुआ है। जल्द ठीक हुआ मरीज़ मानता ही नही कि वो बीमार हुआ भी था। वो ठगा महसूस करता है। भरोसा उठता है उसका चिकित्सा व्यवस्था से। ऐसे मे इस डॉक्टर का अच्छी हैंड राईटिग में पर्चा लिखना उसके बचपने से ज्यादा कुछ नही और उसे आगे डॉक्टरी करने देना अपने आप में बड़ी गलती है।

अच्छी हैंड राइटिंग से बचना चाहिए सभी को। आप जैसे ही लोगों को आसान और समझ मे आने जैसे लगते है वो आपको हल्के मे लेने लगता है। और फिर अच्छी हैंड राइटिंग लिखना बाबुओं का काम। डॉक्टर अफसर ऐसा करने लगे तो इतनी मेहनत कर डॉक्टर बनने की क्या जरूरत थी। अच्छी हैंड राईटिंग आराम तलबी की निशानी। देखने वाला फौरन समझ जाता है कि बंदा फालतू बैठा है। खराब हैंड राईटिंग बताती है आप ज़िम्मेदार और व्यस्त हैं। और ऐसा करने वालो को लोग तारीफ़ की निगाह से देखते हैं।

यह बात पचासों बार साबित हो चुकी है ,खराब हैंड राईटिंग वाले अकलमंद काबिल,भरोसेमंद,दूरदर्शी और लीडर होते हैं। महात्मा गांधी की भी हैंड राईटिंग खराब थी और मेरी भी खराब है। गांधी जी की इज्जत होती है और मेरी भी। खराब हैंड राईटिंग न लिखे डॉक्टर तो कोई वजह नही कि उसकी इज्जत की जाए। या उसे समझदार और भरोसेमंद माना जाए।

और फिर सबसे बड़ी बात। ख़राब हैंड राईटिंग पैसे बनाने का सबसे कारगर ज़रिया है। लिहाजा डॉक्टरों को इस आसान तरीके पर कायम रहना चाहिए और बदस्तूर खराब हैंड राईटिंग में पर्चे लिखना जारी रखना चाहिए।