WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़

शहर में बढ़ रहा है कोरोना पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी हाथ में ग्लास लेकर झूमते दिखे

955
WhatsApp Image 2022 01 20 At 2.18.01 AM 1 696x377

Indore : रोज शहर को कोरोना के आंकड़े देने वाले स्वास्थ्य विभाग का मुखिया ही यदि रात के कर्फ्यू में हाथ में गिलास लेकर झूमता नजर आए, तो उसे क्या कहा जाएगा! लापरवाही या मस्ती का आलम! जो भी कहा जाए, पर इंदौर में एक वीडियो को बहुत मजे लेकर देखा जा रहा है। इस वीडियो में इंदौर के CMHO डॉ बीएस सेतिया हाथ में गिलास लेकर ‘बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे’ गाने पर ठुमकते दिखाई दे रहे हैं।

(इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि मीडिया वाला नहीं करता है।)

उनके गिलास में शराब है या कुछ और भरा हुआ है! वे किसी फॉर्म हाउस में हैं या घर में इससे किसी को कोई वास्ता भी नहीं! ये वीडियो वायरल इसलिए हुआ कि वे इंदौर के CMHO हैं, जो जिम्मेदार एक अधिकारी का पद है। इस वीडियो पर कांग्रेस के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भी बुधवार रात टिप्पणी की है। उन्होंने ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी को कोरोना की चिंता नहीं है। वे फॉर्म हाउस में शराब पार्टी कर रहे हैं। पर, CMHO का कहना है ‘वे शराब नहीं पीते। यह सिर्फ फैमिली कार्यक्रम था। मेरे बच्चे बाहर से आए थे। उसी की पार्टी रखी थी। मैं शराब नहीं पीता। यह किसी ने जानबूझकर किया है।’

कांग्रेस प्रवक्ता ने सलूजा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा ‘जब इंदौर में 2 हजार से अधिक कोरोना के केस रोज निकल रहे हैं। ऐसे में निश्चिंत होकर कोई अधिकारी कैसे इस तरह का काम कर सकता है। बगैर मास्क के, नाइट कर्फ्यू के दौरान, शराब का गिलास हाथ में लेकर ठुमके लगा रहे यह अधिकारी शायद शिवराज सरकार की नई शराब नीति का स्वागत कर, ख़ुशी का इजहार कर रहे हैं …!’