WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Death Due to Heart Attack : बैडमिंटन खेलते समय इंदौर के दवा कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत!

राहुल द्रविड़ के अच्छे दोस्त थे, उनके साथ क्रिकेट भी खेले!

985

Death Due to Heart Attack : बैडमिंटन खेलते समय इंदौर के दवा कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत!

Indore : दवा व्यापारी अमित चेलावत (49) की बैडमिंटन खेलने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। अमित बैडमिंटन खेलने के शौकीन थे। वे रोज बैडमिंटन खेलने जाते थे। लेकिन, आज खेलते समय अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई और वे गिर पड़े। वहां मौजूद साथियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। रिस्पॉन्स नहीं मिलने पर नजदीक के निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार सुबह अभय प्रशाल का है।

अमित चेलावत रोज की तरह बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उनका निधन हो गया। बताया गया कि खेल के दो दौर पूरे हो चुके थे, तभी अमित के सीने में दर्द शुरू हुआ। वे एक ओर जाकर बैठ गए। कुछ ही देर में उनको बेहोशी छाने लगी। साथियों ने सीपीआर दिया तो वे उठकर बैठ गए। उन्हें तात्कालिक उपचार के रूप में सॉर्बिट्रेट टेबलेट देनी चाही तो अमित ने यह कहकर लेने से इनकार कर दिया कि वे जैन धर्म की परंपरा नवकारसी के अनुसार सुबह 8 बजे के पहले कुछ खा नहीं सकते। साथियों ने जबरन दवा दी तो दोनों बार उन्होंने मुंह से बाहर निकाल दी। इसी दौरान उन्हें दिल का दूसरा दौरा पड़ा।

अमित एमवाय रोड पर मनोहर केमिस्ट के नाम से दुकान संचालित करते थे। अमित की दो बेटियां हैं। उनके पिता मनोहर चेलावत का कोरोना काल में निधन हो गया था। अमित और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य राहुल द्रविड़ काफी अच्छे दोस्त थे। द्रविड़ जब भी इंदौर आते थे तो अमित से मिलते थे। अमित के साथ क्रिकेट भी खेलते थे।