WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Rain in Indore : इंदौर में मौसम बदला, बादल छाए, हल्की बारिश

24 से 30 जनवरी तक शहर में तेज सर्दी का दौर रहेगा

1182
WhatsApp Image 2022 01 22 At 4.04.27 AM 696x405

Indore : शनिवार सुबह से शहर के आसमान में बादल छाए रहे और हवाओं की तेज गति ने ठंडक महसूस करवाई। सुबह 9:30 बजे बाद बादल छंटने के साथ हल्की धूप भी निकली। लेकिन, 11 बजे के बाद रुक रुककर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद दिनभर कई इलाकों में बूंदाबांदी होती रही।

सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 14.7 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो दिनों से इंदौर में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

24 जनवरी के बाद इंदौर में तेज सर्दी का आखिरी दौर देखने को मिल सकता है। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से सुबह बादल छाए रहे। दिन में दक्षिणी पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली।

मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान में MP के ऊपर हवा का चक्रवात बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर प्रेरित हवा का चक्रवात बना है। इसके प्रभाव से शनिवार को इंदौर में हल्के बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई और मौसम ठंडा हो गया।

यह स्थिति 23 जनवरी तक बनी रहेगी। 24 से 30 जनवरी तक शहर में तेज सर्दी का अंतिम दौर रहेगा। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।

पिछले दो दिनों से सुबह के समय कुछ समय के लिए कोहरे की स्थिति निर्मित हो रही थी। लेकिन, शनिवार सुबह शहर में दृश्यता 1500 मीटर दर्ज की गई। सिर्फ हल्की धुंध का असर ही कुछ देर के लिए दिखाई दिया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 24 जनवरी के बाद इंदौर में तेज सर्दी का दौर एक बार फिर दिखाई देगा। फरवरी माह में सर्दी का असर सामान्य रहेगा।