WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Dissatisfaction of BJP MLA’s : भाजपा के कई विधायकों ने सरकार के खिलाफ कमर कसी, संगठन कुछ नहीं कर पा रहा!

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश, विधायकों को कड़ा संदेश दिया जाए!

1380

Dissatisfaction of BJP MLA’s : भाजपा के कई विधायकों ने सरकार के खिलाफ कमर कसी, संगठन कुछ नहीं कर पा रहा!

 

Bhopal : भारतीय जनता पार्टी को अपने ही विधायकों के असंतोष का सामना करना पड़ रहा है। कई विधायक स्थानीय प्रशासन और कथित भ्रष्टाचार को लेकर अपनी ही सरकार की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को विधायकों को कड़ा संदेश देने का निर्देश दिया है।

हाल ही में, ऑपरेशन सिंदूर पर कुछ मंत्रियों की विवादास्पद टिप्पणियों ने इस असंतोष को और हवा दी। गुना के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने स्थानीय प्रशासन पर उनकी बात न सुनने और अनुसूचित जाति से होने के कारण उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। शिवपुरी के विधायक देवेंद्र जैन ने स्थानीय प्रशासन और एक एसडीएम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिसके बाद एसडीएम को हटा दिया गया। लेकिन, जैन और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पिछोर के विधायक प्रीतम लोधी भी प्रशासन और प्रभारी मंत्री के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। पार्टी के नोटिस के बावजूद उनकी आलोचना जारी है।

सोहागपुर के विधायक विजयपाल सिंह और मौगंज के विधायक प्रदीप पटेल ने भी स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार की आलोचना की। पटेल ने पुलिस से धमकी मिलने का दावा करते हुए छह घंटे तक धरना दिया। खुरई के पूर्व गृह मंत्री और विधायक भूपेंद्र सिंह ने भाजपा और कांग्रेस के नेताओं पर उनके खिलाफ ‘तंत्र-मंत्र’ के जरिए विकास कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया।

पार्टी ने कुछ कार्रवाई की है, जैसे आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय को उज्जैन सिंहस्थ क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर नोटिस जारी करना, जिसके बाद उन्होंने पार्टी लाइन का पालन करने का वादा किया। हालांकि, पार्टी सूत्रों का कहना है कि कई विधायक वरिष्ठ नेताओं से जुड़े हैं, जिससे कार्रवाई में जटिलता आ रही है।