WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

छोटे भाई को मारने की सुपारी देने के मामले में डॉक्टर ने किया आत्मसमर्पण

596
WhatsApp Image 2025 10 09 At 17.22.42

छोटे भाई को मारने की सुपारी देने के मामले में डॉक्टर ने किया आत्मसमर्पण

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बलवाड़ा थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर ऑपरेटर की हत्या की सुपारी देने के मामले में उसके बड़े भाई डॉक्टर ने आत्मसमर्पण कर दिया।

बलवाड़ा के थाना प्रभारी अनिल बामनिया ने बताया कि इंदौर के तेजाजी नगर निवासी डॉक्टर दीपक शर्मा ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए थे।

बीएएमएस डॉक्टर दीपक शर्मा ने देवास के लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रहे तनिश रंधावा और इंदौर में कैफे संचालक रोहित राठौर को 10 लाख रुपए की सुपारी देकर अपने भाई संदीप शर्मा की हत्या करने के लिए कहा था। दोनों ने डीजे संचालक चेतन व उसके तीन अन्य साथी शुभम, आदित्य और राहुल को साथ लिया और 29 सितंबर को बलवाड़ा थाना क्षेत्र के काटकूट आए। उन्होंने इंदौर से एक थार कार किराए पर भी ली।

उन्होंने मेडिकल स्टोर बंद कर वहां से 7 किमी दूर बड़ैल ग्राम लौट रहे संदीप शर्मा और उसके दो अन्य साथियों का पीछा किया। जब संदीप को आशंका हुई की कार सवार की मंशा ठीक नहीं है तो वह वापस काटकूट की तरफ लौट आया। आरोपी भी अपनी कार को टर्न लेकर उसके पीछे लौटे और उन्होंने उसके दुपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मारी जिसके चलते संदीप सड़क से 12 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा। वह आरोपियों को अपने पीछे आते देख खेतों की फसल के बीच से भाग गया।

इसी दौरान आरोपियों ने उसका पीछा करने की कोशिश की लेकिन करीब डेढ़ सौ ग्रामीण वहां इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों ने भी आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया और आगे फोन कर सड़क पर कुछ वाहन खड़े करवा दिए , लेकिन वे उन्हें टक्कर मारते हुए आगे निकल गए। इसी बीच ग्रामीणों ने कुंडिया ग्राम में सड़क पर कुछ वाहन खड़े कर दिए। कार के ड्राइवर ने दो दुपहिया वाहनों को टक्कर मारने के बाद असंतुलित होकर रेत के एक टीले में गाड़ी खड़ी कर दी। ग्रामीणों ने मौके पर तीन लोगों को पकड़ा, इसके बाद पुलिस ने एक अन्य को गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस ने इंदौर से दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी डॉक्टर ने स्वीकार किया कि वह संदीप को इसलिये मारना चाहता था कि उसे लगता था कि उसके माता-पिता करीब 6 करोड़ रु की पैतृक संपत्ति बेचकर छोटे भाई के नाम से जमीन खरीद लेंगे। उनके माता-पिता छोटे भाई संदीप शर्मा के साथ रहते थे।

हालांकि उसने इस बात से इनकार किया कि उसने पूर्व में भी संदीप शर्मा को मारने की कोशिश की थी।