WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Badwani News: छेड़छाड़ के आरोपी को पीटते हुए थाने लाया गया

610

Badwani News: छेड़छाड़ के आरोपी को पीटते हुए थाने लाया गया

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित एक सुपर बाजार में एक व्यक्ति द्वारा महिला सहकर्मी से कथित छेड़छाड़ को लेकर हंगामा हो गया। आरोपी को पिटाई करते हुए बड़वानी के थाने पर लाया गया जहां उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

बड़वानी कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि एक सुपर बाजार पर कार्यरत 20 वर्षीय युवती के साथ वहीं के एक 45 वर्षीय कर्मचारी राजेन्द्र सेन उर्फ गजु द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ और अनुसूचित जाति जनजाति एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

शुक्रवार दोपहर सुपर बाजार में जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने मार्ट के कर्मी की जमकर धुनाई कर दी। लात और मुक्कों से कर्मी को जमकर धुनाई की। इस दौरान लोगों ने मार्ट के पास गली में ख़डी एक कार पर पत्थर बरसाकर कांच चकनाचूर कर दिए।

इसके बाद हाथ पैर और बेल्ट से मारते हुए कर्मी को बाइक कर बिठाकर ले गए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके कुछ देर बाद लोग कर्मी को मारते हुए शहर कोतवाली लेकर आए। युवती से छेड़छाड़ के बाद लोगों में खासा आक्रोश नजर आया। पुलिस ने सम्बंधित कर्मी को हिरासत में लेकर बैठा लिया।

शिकायत के मुताबिक सुपर बाजार पर काम करने वाली युवती किसी काम से भवन के पीछे बने तलघर स्थित गोडाउन में गई थी। वहां उक्त कर्मी द्वारा छेड़छाड़ की गई। इसके बाद युवती ने शोर मचाते हुए अपने स्वजनों को सूचित किया। मौके पर आए स्वजनों और लोगों ने सुपर बाजार के जिम्मेदारों को फोन लगाया, लेकिन संपर्क नहीं होने पर हंगामा शुरू हो गया और छेड़छाड़ करने वाले की जमकर धुनाई शुरू कर दी। वही हंगामा होते देख सुपर बाजार पर मौजूद जिम्मेदार आनन फानन में शटर बंद कर गायब हो गए।