WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माखन नगर में सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ की राशि अंतरण की

1042
WhatsApp Image 2026 01 16 At 20.50.57

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माखन नगर में सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ की राशि अंतरण की

206 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया, 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 90 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण किया

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट

माखननगर,नर्मदापुरम। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज शुक्रवार को नर्मदापुरम जिले के माखन नगर तहसील में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाडली बहनों को लाडली बहन योजना की 32वीं किस्त 1836 करोड़ की राशि अंतरण की। 206, 356 करोड़ के 93 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण भी किया। इसमें 43.619 करोड़ के 35 कार्यों का लोकार्पण एवं 162.737 करोड़ के 58 कार्यों का भूमि पूजन शामिल था। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रिफलिग के लिए उनके खातों में 90 करोड रुपए से अधिक की राशि का अंतरण भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मौके पर ही नर्मदापुरम जिले के लिए अनेक सौगातों की घोषणा भी की।

WhatsApp Image 2026 01 16 at 20.50.57 1

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लाडली बहनों पर पुष्प की पंखुड़ियां की वर्षा की। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि नर्मदापुरम सौभाग्य की धरती है, स्वयं महात्मा गांधी बीमार होने के बावजूद नर्मदापुरम की धरती पर आए थे। नर्मदापुरम जिले को मां नर्मदा का आशीर्वाद मिला है। नर्मदापुरम जिला महान देशभक्त कवि श्री पंडित माखनलाल चतुर्वेदी एवं श्री हरिशंकर परसाई की जन्मस्थली है। महान बलिदानी कवि माखनलाल चतुर्वेदी ने वीर बलिदानियों के लिए लिखा था” मुझे उसे पथ पर फेंक देना वन माली जिस पथ पर जाए वीर अनेक”।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि आज नर्मदापुरम जिले की 2 लाख से अधिक बहनों को भी लाडली बहना की राशि दी जा रही है, उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और भरोसा हम पर कायम है। जनवरी तक आते-आते शासन ने 50 हजार करोड़ की राशि लाडली बहनाओं को दी है। गत रक्षाबंधन में 1250 रुपए एवं इस भाई दूज से 1500 रुपए की राशि देना प्रारंभ किया है।

WhatsApp Image 2026 01 16 at 20.50.56 1

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि लाडली बहने दिए गए एक-एक पैसे का सदुपयोग करती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहनों को रोजगार के साधन से जोड़ते हुए राशि को और बढ़ाते जाएंगे। उन्होंने कहा कि बहने यदि स्वयं का स्वरोजगार करना चाहे तो सरकार हर तरह से उन्हें सहयोग करती है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहां की मध्य प्रदेश शासन ने फैक्ट्री खोलने एवं महिलाओं के नाम से रजिस्ट्री करने पर टैक्स छूट देती है। शासन की मंशा हर हाल में महिलाओं को आगे बढ़ाने की है।

मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम जिले की प्रशंसा करते हुए बताया कि नर्मदापुरम जिले में रेशम का उत्पादन कर 50 दीदी लखपति दीदी बनी है। बहनों को पर्याप्त प्रशिक्षण देकर रेशम के रोजगार से जोड़ा गया है। जिले का बासमती चावल, उड़द, मूंग प्रसिद्ध है, उन्होंने कहा कि इनकी खेती करने वाले को सरकार हर संभव मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नर्मदापुरम जिला समृद्ध है। 93% क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन शिक्षकों को चतुर्थ वेतनमान दे रहे हैं, मध्य प्रदेश शासन अपनी जनता के जीवन को बेहतर से बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास कर रही है। वही मुख्यमंत्री ने कहा कि गड़बड़ी करने वालों को नियम अनुसार कड़ा दंड भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास बनाया है, वही मध्य प्रदेश सरकार स्कूली बच्चों को स्कूटी और लैपटॉप दे रही है। उन्होंने नर्मदापुरम जिले की सराहना करते हुए कहा कि यहां आने से पहले उन्होंने देखा कि चारों ओर फसले लहलहा रही है, इसके लिए उन्होंने किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सब किसानों की मेहनत का फल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2028 तक मध्य प्रदेश को देश का तीसरे नंबर का राज्य बनाकर रहेंगे।

नर्मदापुरम जिले के लिए की अनेक सौगातों की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने माखन नगर में विधायक एवं आम जनता की मांग पर अनेक सौगातों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बागरा शाखा होज सिंचाई परियोजना जो 4200 हेक्टेयर की है और सोहागपुर के 30 गांव को जोड़ती है, उसे बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्राम मरोड़ा से माखन नगर तक तवा नदी पर 122 करोड़ की लागत से ब्रिज बनाने, पिपरिया सोहागपुर नर्मदापुरम को जोड़ने फोरलेन का निर्माण करने तथा पिपरिया एवं बनखेड़ी की अधूरी फोरलेन को पूरा बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पंडित माखन लाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में 5 करोड रुपए की राशि से अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सोहागपुर एवं माखन नगर के गांवो के नक्शा दुरूस्तीकरण करने, सोहागपुर में एसडीएम कार्यालय के लिए भवन बनाने। माखन नगर में तहसील कार्यालय के लिए नवीन भवन बनाने, ग्राम कोठारिया से बीज निगम तक डिवाइडर चौड़ीकरण करने की घोषणा की।

WhatsApp Image 2026 01 16 at 20.50.56

मुख्यमंत्री ने माखन नगर को फायर ब्रिगेड देने एवं नगर पालिका परिषद सोहागपुर के रामगंज मंडी एवं पलक मति नदी के दोनों तरफ घाट निर्माण विकास की कार्य योजना बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पर इनडोर स्टेडियम बनाने तथा रामपुर गुर्रा मार्ग इटारसी जबलपुर मार्ग पर ओवर ब्रिज का निर्माण करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के 50 से 60 गांव जो बाबई एवं सोहागपुर में स्थापित हुए हैं वहां पर सिंचाई की उन्नत सुविधा के लिए जो कार्य योजना बनाई गई है उसे कैबिनेट में स्वीकृत करने का आश्वासन दिया और शीघ्र ही सिंचाई सुविधा का विस्तार करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गौ माता के लिए 154 एकड़ भूमि पर गौशाला बनाने की घोषणा की। गौशाला में 5 हजार गायों को रखा जा सकेगा और यह पीपीपी मॉडल पर आधारित होगा। मुख्यमंत्री ने माखन नगर में खेल स्टेडियम, माखन नगर में तालाब एवं पार्क का सौंदर्यीकरण करने, पंडित माखनलाल चतुर्वेदी जी की जन्मस्थली में चार मुख्य द्वार बनाने तथा सोहागपुर में शासकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इसके पूर्व कन्या पूजन कर बेटियों को उपहार प्रदान किया। दीप प्रज्वलन कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक श्री विजयपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को बैलगाड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया। व्यापारिक संघ ने एक बड़ी माला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। एम आर एल एम की दीदियों ने एक जिला एक उत्पादन के अंतर्गत मुख्यमंत्री को रेशमी जैकेट और संक्रांति उत्सव की मिष्ठान टोकरी भेट की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दो हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया। लाडली बहना योजना से लाभान्वित श्रीमती आशा यादव ने लाडली बहना की राशि से आत्मनिर्भर बनने का अपना अनुभव साझा किया। मुख्‍यमंत्री डॉ यादव ने श्रीजीत एंटरटेनमेंट प्रायवेट लिमिटेड और नीलम फेरेस्ट्रिया द्वारा प्रकाशित, पुरातत्व,संस्कृति और पर्यटन परिषद नर्मदापुरम के जिला पर्यटन कैलेंडर का विमोचन किया है।

सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने 202 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण की सौगात देने पर मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह ने सोहागपुर विधानसभा को अनेक सौगातें देने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि मुहासा की 200 एकड़ जमीन पर उद्योग लगने से अनेक लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम जिले को पर्यटन का हब बनाया है, साथ ही सोहागपुर को दो-दो सांदीपनी विद्यालय की सौगात दी है। क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।

आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम के विधायक डॉ सीता सरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल, सिवनी मालवा के विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, पिपरिया के विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय, जनप्रतिनिधि गण, एवं बड़ी संख्या में लाडली बहने, आम नागरिक गण, प्रशासनिक अधिकारी गण एवं प्रिंटिंग इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।