WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home Uncategorized

इंदौर: बेटे के कर्ज की सजा बुजुर्ग माता-पिता को, किडनी निकालने की धमकी देकर रातभर बंधक बनाया

326

इंदौर: बेटे के कर्ज की सजा बुजुर्ग माता-पिता को, किडनी निकालने की धमकी देकर रातभर बंधक बनाया

इंदौर : शहर के मारुति नगर इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक द्वारा लिए गए लाखों रुपये के कर्ज की कीमत उसके बुजुर्ग माता-पिता को चुकानी पड़ी। तीन लेनदारों ने न केवल दंपत्ति को उनके ही घर में रातभर बंधक बनाए रखा, बल्कि पैसे वसूलने के लिए उनकी किडनी निकालकर बेचने तक की खौफनाक धमकी दे डाली।

*दोस्त बनकर घुसे, फिर दिखाया असली चेहरा* 

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अंकित जोशी नामक युवक के दोस्त बनकर उसके घर में दाखिल हुए थे। अंकित पिछले 20 दिनों से लापता है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। जब आरोपी उसके घर पहुंचे और अंकित नहीं मिला, तो उन्होंने उसके पिता रमेश जोशी (जो एक सुरक्षा गार्ड हैं) और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। आरोपियों का इरादा बुजुर्गों पर दबाव बनाकर अंकित को सामने लाना था।

*सूझबूझ से बची जान* 

पूरी रात दहशत के साये में गुजारने के बाद, सुबह रमेश जोशी ने चतुराई दिखाई। उन्होंने आरोपियों से ड्यूटी पर जाने की बात कही। एक आरोपी उन पर नजर रखने के लिए उनके साथ चल दिया, लेकिन रमेश ने उसे चकमा दिया और सीधे हीरानगर थाने पहुँचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दंपत्ति ने बताया कि आरोपियों ने उनके मोबाइल छीन लिए थे और वे घर में कीमती सामान की तलाश भी कर रहे थे।