WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

सफाई कर्मचारियों का वेतन 1 से 10 तारीख तक भुगतान करें :- सफ़ाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष श्री करोसिया

172
WhatsApp Image 2026 05 13 At 20.19.30

सफाई कर्मचारियों का वेतन 1 से 10 तारीख तक भुगतान करें :- सफ़ाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष श्री करोसिया

20 वर्ष पुराने दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने के दिए निर्देश

सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष ने जिला अधिकारियों के साथ की बैठक

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर/ मध्यप्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने सुशासन भवन स्थित सभागार में बुधवार को जिला अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों के वेतन, स्वत्वों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ समय पर उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मंदसौर एसडीएम शिवलाल शाक्य, नगर पालिका मंदसौर सीएमओ अनीता चौकटिया, पीओ डूडा रोहित राणावत सहित सभी नगरीय निकायों के सीएमओ, सफाई कर्मचारी एवं संगठन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

WhatsApp Image 2026 05 13 at 20.20.15

बैठक में आयोग अध्यक्ष श्री करोसिया ने निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन प्रत्येक माह की 1 से 10 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से भुगतान किया जाए। साथ ही 20 वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को वरीयता के आधार पर नियमित करने की कार्यवाही एक माह में पूर्ण कर आयोग को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर पालिका मंदसौर को निर्देशित किया कि स्वीकृत पदों के अतिरिक्त दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति न की जाए तथा वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के सक्षम स्वीकृति एवं नियुक्ति आदेशों की प्रमाणित प्रतियां तीन दिवस में आयोग को उपलब्ध कराई जाएं। सभी नगरीय निकायों को बिना शासन आदेश के किसी भी प्रकार की अवैध नियुक्ति नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

अध्यक्ष श्री करोसिया ने कहा कि कर्मचारियों को वरीयता सूची के आधार पर नियमित किया जाए तथा वरीयता सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए। विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने में शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का 15 दिवस में निराकरण कर पात्र आश्रितों को नौकरी देने, आवासहीन कर्मचारियों को आवास उपलब्ध कराने तथा 20 वर्षों से शासकीय भूमि पर निवासरत कर्मचारियों को पट्टा देने के निर्देश भी दिए।

WhatsApp Image 2026 05 13 at 20.20.15 1

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि दैनिक वेतनभोगी एवं विनियमित कर्मचारियों की मृत्यु होने पर 2 लाख 25 हजार रुपए की सहायता राशि एक माह के भीतर प्रदान की जाए तथा ग्रेच्युटी, उपादान एवं अन्य देय राशि का समयसीमा में भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

आयोग अध्यक्ष ने महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन निर्माण, सफाई कर्मचारियों के ईपीएफ कटौती की जांच तथा श्रमिक हितों से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने पीओ डूडा को सफाई कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हेतु सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, ड्राइविंग एवं मोबाइल रिपेयरिंग जैसे स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयोग अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों एवं नगरीय निकायों में सफाई कामगारों के स्वीकृत एवं रिक्त पदों की विभागवार समीक्षा करते हुए वेतन-भत्ते, एनपीएस, पेंशन, पीएफ, ईएसआई, अनुकंपा नियुक्ति एवं रिक्त पदों की पूर्ति से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।

सफाई कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों ने भी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को बैठक में रखा।