WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

MP News: विधायक के करीबी 5 कांग्रेसी पार्षद अचानक दो निर्दलीय पार्षदों सहित भाजपा में शामिल

1781
WhatsApp Image 2022 08 08 At 8.46.42 PM 696x523

छतरपुर से राजेश चौरसिया की रिपोर्ट

छतरपुर: 12 अगस्त को हरपालपुर नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन तय है लेकिन इसके पहले ही यहां एक बड़ा राजनैतिक उलटफेर हो गया है। इस उलटफेर से क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित की बड़ी असफलता साबित हुई है।

नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने के लिए मजबूत स्थिति में रही कांग्रेस अब यहां धराशायी हो चुकी है। सोमवार को जब विधायक धार्मिक पदयात्रा करते हुए मतंगेश्वर धाम पहुंचे इसके पहले ही भोपाल से जारी हुईं कुछ तस्वीरों ने हरपालपुर के होश उड़ा दिए।

नगर परिषद के अलग-अलग वार्ड से चुनाव जीतने वाले विधायक के करीबी कहे जाने वाले 5 कांग्रेसी पार्षद अचानक दो निर्दलीय पार्षदों सहित भाजपा में सम्मिलित हो गए।

विधायक की नाकामयाबी और कांग्रेस की आपसी फूट का फायदा यहां के पूर्व भाजपा विधायक भंवरराजा ने उठा लिया। उन्होंने अब 15 पार्षदों वाली हरपालपुर नगर परिषद में भाजपा का अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचित होना तय कर दिया है।

●इन्होंने थाम लिया भाजपा का दामन..

सोमवार को भाजपा के पूर्व विधायक भंवरराजा, नौगांव नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अंजुल सक्सेना के साथ हरपालपुर के 5 कांग्रेसी और 2 निर्दलीय पार्षदों ने भोपाल पहुंचकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

WhatsApp Image 2022 08 08 at 8.46.42 PM 1

भाजपा का दामन थामने वालों में कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित के सबसे करीबी पार्षद अमित अग्रवाल और उनकी पत्नि कीर्ति अग्रवाल शामिल हैं जो कि वार्ड क्रमांक 2 एवं 6 से कांग्रेस की टिकिट पर चुनाव जीते थे।

इनके अलावा वार्ड क्रमांक 3 से पार्षद चुनी गईं अनीता यादव, वार्ड क्रमांक 4 से पार्षद बनी सुमित्रा अनुरागी एवं वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद बनी दिव्यज्योति विश्वकर्मा ने भाजपा की सदस्यता ले ली है।

इनके साथ ही वार्ड क्रमांक 1 से निर्दलीय पार्षद पुष्पा यादव एवं वार्ड क्रमांक 9 से निर्दलीय चुनाव जीते आलोक जैन भी भाजपा में सम्मिलित हो गए हैं।

अब ये भाजपा की नई गणित

उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव के परिणामों के मुताबिक 15 पार्षदों वाली इस नगर परिषद में कांग्रेस के 7 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे जबकि भाजपा से 5 और 3 निर्दलीय प्रत्याशियों ने विजयश्री हासिल की थी।

देखा जाए तो 8 पार्षदों का बहुमत हासिल करने के लिए कांग्रेस को सिर्फ 1 पार्षद की आवश्यकता थी जो आसानी से निर्दलीय कोटे से मिल सकता था लेकिन विधायक नीरज दीक्षित के कमजोर नेतृत्व के कारण यहां कांग्रेसियों में फूट पड़ गई। कांग्रेसियों की इसी फूट का फायदा भंवरराजा ने उठा लिया।

अब 5 कांग्रेसियों और 2 निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद भाजपा के कुल पार्षदों की संख्या 12 पहुंच गई है जो कि बहुमत से काफी ज्यादा है।

कुल मिलाकर अब हरपालपुर नगर परिषद में भाजपा का अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनना तय है। सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से अमित अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष पद के लिए अनीता यादव का नाम सामने आ सकता है।