WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Yashwant Sagar : यशवंत सागर तालाब लबालब, गर्मी में परेशानी नहीं

तालाब में क्षमता से अधिक पानी संग्रहित होने के आसार

2287
WhatsApp Image 2022 08 17 At 6.11.32 PM 696x393

Indore : शहर के एकमात्र जलस्रोत यशवंत सागर तालाब का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 19 फीट क्षमता वाले तालाब में 12 जुलाई तक 16 फीट 4 इंच तक पानी भर गया है। मात्र ढाई फीट पानी बढ़ने से तालाब लबालब हो जाएगा।

बारिश का मौसम करीब तीन माह का शेष बचा है। जिस तरह तालाब की क्षमता बढ़ रही है, उससे यह तय माना जा रहा है कि इस बार तालाब में क्षमता से अधिक पानी संग्रहित होगा और इसके बाद चारों गेट खोलने पड़ सकते हैं।

इस तालाब के पानी से शहर की 20 फीसदी आबादी को पानी सप्लाई किया जाता है। हर साल निगम लाखों रुपए खर्च कर तालाब का गहरीकरण करता है।

कोरोना संक्रमण काल में दो साल तक तालाबों का गहरीकरण नहीं हो पाया। इस बार कलेक्टर मनीष सिंह के आदेश पर किसानों ने खुद के खर्च से दो फीट गहरा कराया। इससे वर्तमान में 21 फीट गहरा हो गया है।

यशवंत सागर तालाब को छोड़ किसी भी तालाब के पानी का उपयोग पीने में नहीं किया जाता। सिरपुर तालाब और छोटा बिलावली मछली पालन के लिए मछुआरों को किराए पर दिया जाता है। नई परिषद के बाद मछुआरों के टेंडर बुलाए जाएंगे।

यशवंत सागर का पानी किसानों द्वारा चुराया जाता है। इस तरह की शिकायतें भी मिल चुकी हैं। तालाब के आसपास कैमरे लगाने के साथ नियमित रूप से जल यंत्रालय विभाग का कर्मचारी तैनात किया जाएगा।

तालाबों की स्थिति, क्षमता

यशवंत सागर क्षमता 19 फीट, 16.4 फीट, बड़ी बिलावली 18 फीट, 17.7 फीट, बड़ा सिरपुर 14 फीट, 9.9 फीट, छोटा सिरपुर 13 फीट, 12.1 फीट, पीपल्याहाना 8 फीट, 6 फीट, लिंबोदी 10 फीट, 4.6 फीट है।

आगामी दिनों में गेट खुलेंगे

यशवंत सागर तालाब के प्रभारी सुनील गुप्ता का कहना है कि तालाब का जलस्तर बढ़ना शहर के लिए शुभ संकेत है। अभी बारिश शबाब पर नहीं है। आने वाले दिनों में गेट भी खोल दिए जाएंगे। किसानों ने दो फीट गहरा किया है, जिससे अब क्षमता 21 फीट तक हो गई है।