WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

9 माह के बच्चे के गले में फंसा मंगलसूत्र का पेंडेंट, माँ को पता ही नही चला!  

840

9 माह के बच्चे के गले में फंसा मंगलसूत्र का पेंडेंट, माँ को पता ही नही चला!

बड़वानी : नौ माह के मासूम विवान को कुछ दिनों से लगातार सर्दी-खांसी की शिकायत हो रही थी। इलाज के दौरान जब डॉक्टर ने एक्स-रे करवाया, तो परिवार के होश उड़ गए। एक्सरे में बच्चे के गले में मंगलसूत्र का पेंडेंट फंसा हुआ दिखाई दिया। तुरंत बच्चे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. अनुपम बत्रा ने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर पेंडेंट को सुरक्षित बाहर निकाला।

IMG 20251124 WA0004

जानकारी के अनुसार, ग्राम करी निवासी नरसिंह वास्कले के नौ माह के बेटे विवान की तबीयत लंबे समय से ठीक नहीं होने पर जब एक्स-रे कराया गया, तब गले में धातु का टुकड़ा फंसा होने का पता चला।

IMG 20251124 WA0003

एक्स-रे रिपोर्ट मिलने पर डॉ. अनुपम बत्रा ने तत्काल उपचार शुरू किया और सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर गले में फंसा मंगलसूत्र का पेंडेंट निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद बच्चा अब पूरी तरह सुरक्षित है।

डॉ. बत्रा ने बताया कि पेंडेंट के कारण बच्चे की आहार नली, आंत या पेट को गंभीर नुकसान होने का खतरा था। कई डॉक्टरों द्वारा जोखिमपूर्ण ऑपरेशन से मना करने के बाद उन्होंने इसे चुनौती के रूप में लिया और सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में एनेस्थेटिक टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने यह भी बताया कि गणेश चतुर्थी के समय विवान की मां का मंगलसूत्र का पेंडेंट गायब हो गया था, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि उसे विवान ने निगल लिया है । और वह बच्चे के गले में फंस गया है। ऑपरेशन के बाद पेंडेंट मिलते ही परिवार को अपनी अनजाने में हुई लापरवाही का एहसास हुआ।

दो दिन ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद सोमवार को बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया गया।

अंत में डॉ. बत्रा ने अपील की कि “दूधमुंहे और छोटे बच्चों को संभालने में लापरवाही बिल्कुल न करें। छोटी सी चूक भी बड़ा हादसा बन सकती है।”