WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Again Murder in Indore : खेत की मेढ़ टूटने और लोडिंग ऑटो पर चढ़ने पर हत्या!  

छोटे-छोटे विवादों पर 7 दिन में तीसरी हत्या, सभी हत्याओं के आरोपी पकड़ाए!  

656
Brother Murders Brother

Again Murder in Indore : खेत की मेढ़ टूटने और लोडिंग ऑटो पर चढ़ने पर हत्या!  

Indore : लगातार दो दिन में दो युवकों की हत्या हो गई। कल एक नाबालिग रास्ता बंद होने से एक लोडिंग ऑटो रिक्शा के ऊपर से निकल गया तो उसकी हत्या कर दी गई। जबकि, बुधवार को एक युवक की पिता-पुत्र ने मिलकर हत्या कर दी। यहां दो परिवारों में झगड़ा था जो खूनी संघर्ष में बदल गया। इससे पहले समोसे का ठेला लगाने वाले एक व्यक्ति की भी घात लगाकर हत्या कर दी गई थी।

यह घटना गांधी नगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि युवक ट्रैक्टर ट्राली से लहसुन लेकर जा रहा था। इस दौरान एक पहिया खेत में उतर गया। जिससे खेत की थोड़ी सी मेढ़ टूट गई। खेत में पहिया उतरा था, उसमें आरोपी सिंचाई कर रहे थे।

एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा का कहना है कि घटना हिंगोरिया गांव की है और मृतक का नाम रवीन्द्र उर्फ दीपक डाबी है। हत्या की इस वारदात में 3 से अधिक लोग थे। खेत की मेढ़ टूट जाने से वे गुस्सा हो गए। इसके बाद सभी ने रवींद्र से विवाद किया। विवाद बढ़ा तो सभी ने मिलकर रवींद्र पर हमला कर दिया। एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा के मुताबिक हत्या के मामले में रोहित, देवकरण और हिम्मत को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ 302, 294, 323, 506, 34 की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मौके से खून से सने हथियार भी जब्त किए गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दीपक को नजदीकी अस्पताल भी लेकर पहुंचे। लेकिन, उसे बचाया नहीं जा सका। दीपक मूल रूप से बड़ोली गांव का रहने वाला है। वह अपने मामा के घर हिंगोरिया कुछ दिन पहले ही आया था। दीपक के पिता विकलांग हैं और परिवार की जिम्मेदारी भी उसी पर थी।

रिक्शा पर चढ़कर निकलने पर हत्या

लोडिंग रिक्शा पर चढ़ने की मामूली बात पर सात युवकों ने 11वीं के छात्र को चाकू मार दिया। बीचबचाव करने आए रिश्तेदार पर भी हमला किया गया। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाणगंगा थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया के मुताबिक, घटना सोमवार रात सवा 12 बजे की है।

राजाबाग में रहने वाला कोटेश्वर पिता बलराम चौरे (18) अपने घर जा रहा था। उसके घर के सामने आरोपियों का लोडिंग रिक्शा खड़ा था। रास्ता नहीं मिलने पर युवक उस पर चढ़कर जाने लगा। युवक को रिक्शा पर चढ़ते देख आरोपियों ने आपति ली और विवाद करने लगे। युवक की तरफ से पांच और आरोपियों की तरफ से सात लोग इकट्ठा हो गए। दोनों पक्षों ने आवेश में आकर मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपी पक्ष के लोगों ने कोटेश्वर पर चाकू से तीन वार किए। यह वार सीने और कलेजे के पास लगने से वह मूर्छित होकर गिर गया।

कोटेश्वर को घायल देख रिश्तेदार कुलदीप बचाने आया तो उसे भी चाकू मार दिया। कोटेश्वर को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी हितेश प्रजापत, महेंद्र योगी, हर्ष योगी, अशोक चौहान, रितिक चौहान, अजय पंडित, प्रेमलाल दशोरे को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। अपराधों का गढ़ बनते जा रहे बाणगंगा में हत्या की यह दूसरी घटना है। एक सप्ताह पहले होटल संचालक की चाकू मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी थी। मामले के कुछ आरोपी अब तक फरार चल रहे हैं।