WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Bank Robbery in Singrauli: सिंगरौली के बैंक में बंदूक की नोक पर लूट, भारी मात्रा में कैश और सोना लेकर बदमाश फरार

743

Bank Robbery in Singrauli: सिंगरौली के बैंक में बंदूक की नोक पर लूट, भारी मात्रा में कैश और सोना लेकर बदमाश फरार

          पांच सशस्त्र बदमाश दस किलो सोना और 20 लाख नकदी लूटकर फरार

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार दोपहर 12.50 बजे पांच सशस्त्र बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और बैंक में रखे 20 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के बदले एक ही लॉकर में रखा करीब दस किलो सोना पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए।

मैनेजर पर किया हमला

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि दो बाइकों पर आए बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से बैंक में एक फायर भी किया। बैंक मैनेजर से तिजोरी की चाबियां मांगीं। जब मैनेजर ने आनाकानी की तो बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया। बदमाश करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर उत्पात मचाते रहे। बैंक में 14 लाख 50 हजार रुपये पिछले दिन के रखे थे और बाकी रुपया शुक्रवार का कलेक्शन था, जिसे समेटकर बदमाश फरार हो गए।

अज्ञात डकैतों की तलाश में पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ पुलिस की मदद भी ली जा रही है। चार टीमें गठित कर तलाश की जा रही है। एसपी ने पांच करोड़ रुपये का सोना लूटे जाने की बात कही है, जबकि बैंक प्रबंधन 12 करोड़ का सोना बता रहा है। पुलिस ने बैंक से एक किमी दूर एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से विशेष विमान से सिंगरौली पहुंचे।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपित

बैंक के सामने स्थित एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपित एक ही बाइक पर बैठकर बैढ़न शहर की तरफ भागते नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक बदमाश हेलमेट पहने हुए है, जबकि बाकी चार के चेहरे खुले थे। घटना के समय चार बदमाश अंदर और एक बाहर खड़ा था। जिले के बाहर निकलने वाली सीमाओं को सील कर दिया गया है।वारदात के समय बैंक में एक भी सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रही है।