WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Budget Reactions : भाजपा ने ‘लाडली बहना योजना’ को सराहा, बड़ा बदलाव बताया!

'आप' ने कहा कि यह चुनावी साल का निराशाजनक बजट!

1011
WhatsApp Image 2023 03 01 At 8.04.49 PM

Indore : मध्य प्रदेश सरकार के आज आए बजट पर भाजपा नेताओं समेत कई पार्टियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरी दुनिया में महिला सम्मान को स्थापित किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष गोविंद मालू ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सबका ध्यान, सबको ज्ञान, सबका सम्मान वाला बजट है। भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि ये बजट नारी सशक्तिकरण का हमारा सबसे बड़ा अभियान है। जबकि, ‘आप’ ने प्रतिक्रिया दी कि 3 लाख 32 हजार करोड़ के कर्ज में दबे प्रदेश का चुनावी बजट लोकलुभावन घोषणाओं का पुलिंदा।

महापौर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ सरकार की घोषणा नहीं है, आज जब विधानसभा में बजट पढ़ा गया तो यह साबित हुआ की महिलाओं के सम्मान के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व की भाजपा सरकार संकल्पित है। शिवराज सरकार का यह बजट लोकलुभावन नहीं, लोक हितकारी बजट होकर रोजगारोन्मुखी, समाज के हर वर्ग के कल्याण का आदर्श बजट है।

सरकार ने अपनी प्राथमिकता दोहराई

बजट पर प्रतिक्रिया में खनिज निगम के पूर्व उपाध्यक्ष और आर्थिक मामलों के जानकार गोविंद मालू ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान कर सरकार ने अपनी प्राथमिकता दोहराई है। बजटीय अनुशासन और नियंत्रण बजटीय घाटा जीडीपी के 4% रखकर किया है। विकास को गति देने के लिए सिंचाई और फूलों की खेती को प्रोत्साहन देकर स्कूली शिक्षा और स्किल बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। वित्त मंत्री ने जेंडर बजट पर 1 लाख करोड़ का प्रावधान कर आधी आबादी का ध्यान रखा है। खेलों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक संस्कारों के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। केपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाने से रोजगार और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

गांव, गरीब, किसानों के लिए बजट अमृत वर्षा जैसा

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेश सोनकर ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के बजट में सभी वर्गों व सभी क्षेत्रों का ध्यान रखा गया है। नगरों के विकास के साथ गांव, गरीब, किसान और उनके हितों का भी ध्यान रखा गया। वास्तव में अमृत काल में प्रदेश के कृषक, गरीब, मजदूर और युवा वर्ग के लिए अमृत वर्षा के समान यह बजट है। ‘लाड़ली बहना योजना’ के लिए 8 हजार करोड़ की राशि का प्रावधान करके मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आधी आबादी को संबल और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को दोहराया है। कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के लिए कुल 53 हजार 964 करोड़ का प्रावधान करके खेती को लाभ का धंधा बनाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लिए बजट में 3 हजार 200 करोड़ और फसल बीमा के लिए 2 हजार करोड़ का प्रावधान किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया गया है।

नारी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा अभियान

भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष श्री गौरव रणदिवे ने कहा कि यह बजट नारी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा अभियान है। इस बजट में नारी को सुदृढ़ एवं सशक्त करने के लिए जो भी निर्णय लिए जा सकते थे, वे लिए गए हैं। आज मध्यप्रदेश में बेटों और बेटियों का अनुपात लगभग समान है जो कांग्रेस शासन में बहुत निचले स्तर पर था। सरकार के इस फैसले से बहनें आर्थिक तौर पर सक्षम होंगी। बहुत सी बहनों के जीवन में इस योजना से आमूलचूल परिवर्तन आएगा, जिसके लिए हम मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहते हैं।

चुनावी साल का बजट निराशाजनक

आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता हेमंत जोशी ने कहा कि 3 लाख 32 हजार करोड़ के कर्ज में दबे कर्जदार प्रदेश का चुनावी बजट सिर्फ लोकलुभावन घोषणाओं का पुलिंदा है। इसमें प्रदेश के 1 करोड़ बेरोजगारो के लिए सिर्फ 1 लाख रोजगार होंगे, जो कि वास्तविकता से दूर है। प्रदेश का हर नागरिक 41 हजार के कर्ज में है, जो अगले साल तक 47 हजार हो जाएगा। प्रदेश के सालाना बजट से भी ज्यादा कर्जा है। प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयों और एम्बुलेंस की कमी है। लेकिन, शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए कोई भविष्य की योजना नहीं है। आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को अभी भी इलाज के पैसे नहीं मिल पा रहे है। किसानों की आय दुगनी करने की घोषणा सिर्फ घोषणा ही रह गयी आज भी प्रदेश का किसान परेशान है।