WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Castrate the Rapists : राज्यपाल का सुझाव ‘बलात्कारियों को सबक सिखाने के लिए उन्हें नपुंसक बना दिया जाए!’

राजस्थान के राज्यपाल ने भरतपुर जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में कहा!

562

Castrate the Rapists : राज्यपाल का सुझाव ‘बलात्कारियों को सबक सिखाने के लिए उन्हें नपुंसक बना दिया जाए!’

 

Bharatpur (Rajasthan) : बलात्कारियों को नपुंसक बना दिया जाना चाहिए, ताकि अन्य लोग भी ऐसे जघन्य अपराध करने से बचें। यह बात राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को भरतपुर जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कही। राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र में एक नगर पंचायत है। वहां बहुत सारे कुत्ते थे और उनकी संख्या बढ़ती जा रही थी, इसलिए उनकी संख्या कम करने के लिए बधियाकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि दुष्कर्म करने वालों के खिलाफ भी इसी तरह के कदम उठाए जाने चाहिए। उन्हें नपुंसक बनाकर छोड़ दो। उन्हें ऐसे ही जीना होगा और जब दूसरे उन्हें देखेंगे, तो उन्हें याद आएगा कि वह वही (दुष्कर्मी) व्यक्ति था। उन्होंने यह भी कहा कि जब हमारे यहां (महाराष्ट्र में) शिवाजी महाराज का राज था, उस समय एक पटेल गांव का मुखिया रहता था। उसने बलात्कार कियाम इसके बाद शिवाजी महाराज ने ऑर्डर जारी किया और कहा कि इसे मारो मत, इसके हाथ-पैर तोड़ दो, मरते दम तक वह वैसा ही रहा।

राज्यपाल ने दुष्कर्म के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत पर जोर देते हुए चेतावनी दी, कि अगर ऐसे अपराधियों पर लगाम नहीं लगाई गई तो वे समाज के लिए खतरा बने रहेंगे। उन्होंने उन लोगों की भी आलोचना की, जो पीड़िता की मदद करने के बजाय महिलाओं के उत्पीड़न जैसी घटनाओं का वीडियो बनाते हैं। बागडे ने कहा कि जब तक हम इस मानसिकता को नहीं बदलेंगे, यौन अपराध नहीं रुकेंगे। उन्होंने लोगों से आगे आकर पीड़िताओं की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने सुलभ और त्वरित न्याय की अवधारणा पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

राज्यपाल ने वकीलों से आग्रह किया कि वे आम लोगों को समय पर और सुलभ न्याय प्रदान करने के लिए अपने कौशल का प्रभावी ढंग से उपयोग करें। राज्यपाल ने सभी को जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए न्याय की अवधारणा से सबक लेने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने कहा कि छेड़छाड़ की घटना का वीडियो बनाने के बजाय लोग ऐसा करने वालों को पकड़ें और उनकी पिटाई करें।