WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Corona Effect : इंदौर में बीस दिनों में 117 उड़ानें हुई Cancel, कुछ उड़ानें स्थाई बंद होने की संभावना

कोरोना के कारण यात्रियों की घटती संख्या से एयरलाइंस कंपनियां परेशान

1177

Indore : कोरोना और ओमिक्रोन से सिर्फ आम लोग ही प्रभावित नहीं हो रहे, फ्लाइट पर भी रोजाना इसका असर पड़ रहा है। इंदौर के देवी अहिल्या अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से दो सप्ताह से लगातार 10 से 15 फ्लाइट कैंसिल हो रही है। इसका कारण यात्रियों की कमी है। इससे एयरलाइन्स कंपनियां परेशान हैं। इंदौर से 22 शहरों के लिए रोज 70 फ्लाइट उड़ती हैं। लेकिन, इसी महीने 20 जनवरी तक 117 उड़ानें केंसिल हो गईं।

शुक्रवार को ही इंदौर से जाने वाली 16 उड़ानें केंसिल हुई थीं। शनिवार को भी स्थिति यही होने का अनुमान है। एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों की कमी से जूझ रही हैं। जानकारी के अनुसार, निरस्त उड़ानों में इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानें भी हैं। ये उड़ानें इंदौर से अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई के बीच संचालित होती हैं। कंपनियों द्वारा लगातार इन उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है।

एयरपोर्ट मैनेजर अनमोल ठाकुर के मुताबिक, पिछले करीब 15 दिनों से रोजाना इंदौर से 10 से ज्यादा उड़ानें निरस्त हुई। इसका कारण सिर्फ यात्रियों की कमी रहा। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बढ़ती सख्ती के कारण यात्री कम हो गए। यात्रियों की कमी से होने वाले नुकसान से बचने के लिए एयरलाइन उड़ानों को निरस्त करने पर मजबूर हैं।

ऐसी स्थिति को देखते हुए इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली-इंदौर-मुंबई उड़ान को निरस्त किया गया है। वहीं, इंडिगो ने भी इस दौरान संचालित होने वाली उड़ानों को निरस्त और रीशेड्यूल किया है। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि इसकी जानकारी यात्रियों की दे दी गई है।

रिफंड और री-बुकिंग का विकल्प

स्थिति में सुधार नहीं होता, तो कई उड़ानों को स्थायी तौर पर बंद किया जा सकता है। केंसिल उड़ानों के कारण बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी होती है। अधिकांश उड़ानों के दूसरे विकल्प भी नहीं होने से एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को रिफंड और री-बुकिंग का विकल्प दिया है।

दिल्ली का रनवे 26 जनवरी तक बंद रहेगा

दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने 20 से 26 जनवरी के बीच रनवे कुछ घंटे बंद होने की सूचना भी जारी की है। एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के समय में बदलाव के साथ ही कुछ उड़ानों को निरस्त भी किया है। रनवे पर सुबह 10.45 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और कल से 26 जनवरी तक सुबह 11.15 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान यहां से उड़ानों का संचालन नहीं होगा।