WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Defense of Abusive Language : विजय शाह के बिगड़े बोल पर मुस्कुराती उषा ठाकुर अब उनके बचाव में सामने आई!

विजय शाह का समर्थन करते हुए उषा ठाकुर ने कहा 'जो होना था, वह हो चुका!'

1256

Defense of Abusive Language : विजय शाह के बिगड़े बोल पर मुस्कुराती उषा ठाकुर अब उनके बचाव में सामने आई!

Indore : मध्यप्रदेश भाजपा में लगता है इन दिनों कुछ भी सही नहीं चल रहा। सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मंत्री, सांसद और विधायक अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। प्रदेश का भाजपा संगठन भी उनकी जुबान पर लगाम नहीं लगा पा रहा। अब पूर्व मंत्री और महू विधानसभा क्षेत्र से विधायक उषा ठाकुर कैबिनेट मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए विवादित बयान के बचाव में सामने आ गई।

विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि जो होना था, वह हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार जुबान फिसल जाती है, जिससे गलतफहमी हो जाती है। उषा ठाकुर ने भाजपा संगठन के निर्णयों का समर्थन किया और ट्रेनिंग आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस द्वारा विजय शाह के इस्तीफे की मांग पर कहा कि कांग्रेस अपना काम करे। उल्लेखनीय है कि जिस ‘हलमा’ कार्यक्रम में विजय शाह सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दे रहे थे, उस समय मंच पर उषा ठाकुर भी मौजूद थीं और वे विजय शाह के बयान पर मुस्कुरा रही थीं।

जब उषा ठाकुर से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने विजय शाह का समर्थन करते हुए कहा कि जो होना था, वह हो चुका है। उषा ठाकुर ने आगे कहा कि सभी लोग जानते हैं कि किसी की मंशा गलत नहीं थी। किसी ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया होगा। उषा ठाकुर ने कहा कि कभी-कभी बोलते समय गलती हो जाती है। कई बार जुबान फिसल जाती है, जिससे भ्रांतियां पैदा हो जाती हैं।

दर्ज हुआ कोर्ट के आदेश पर मामला

प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर गलत बयानबाजी की थी। जिसके बाद उसका भारी विरोध हुआ है। विजय शाह के बयान का जबलपुर हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया और मामला दर्ज करने का आदेश दिया। जिसके तुरंत बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

कांग्रेस विजय शाह से इस्तीफा मांग रही 

उषा ठाकुर के पहले प्रतिमा बागरी भी मंत्री विजय शाह के समर्थन में उतरी थी। उन्होंने कहा था कि मंत्री विजय शाह के बयान के जो शब्द है, वो अनुपयुक्त है। लेकिन, उन्होंने स्पष्टीकरण भी दिया है कि उनके कहने का तात्पर्य था वह नहीं था। उन्होंने कहा कि निश्चित दौर पर शब्दों की हेराफेरी जरूर हुई हैं, बयान में कही भी अपमानित करने की मंशा नहीं हैं। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी विजय शाह के समर्थन में अपना पक्ष रखा था। वहीं कांग्रेस मंत्री के बयान पर बीजेपी पर जमकर निशाना साध रही है। वे मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। प्रियंका गांधी भी बीजेपी पर अपने नेता को बचाने का आरोप लगाया।