WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Drugged Aunty Son Caught : ‘ड्रग वाली आंटी’ का फरार बेटा दिल्ली से पकड़ाया!

20 हजार के इनामी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया!

1463

Drugged Aunty Son Caught : ‘ड्रग वाली आंटी’ का फरार बेटा दिल्ली से पकड़ाया!

Indore : ड्रग बेचने के मामले में जेल में बंद प्रीती जैन उर्फ़ ‘ड्रग वाली आंटी’ के दुष्कर्म मामले के आरोपी बेटे यश जैन को पुलिस ने दिल्ली से पकड़ लिया। प्रीति जैन ड्रग्स बेचती थी और इस काम में उसका बेटा साझेदार था। प्रीति को पुलिस ने 21 दिसंबर 2020 को गिरफ्तार किया था, पर यश तभी से फरार था। यश पर एमडीएमए, ब्राउन शुगर बेचने के अलावा दुष्कर्म का केस भी दर्ज है।

विजय नगर टीआई रविंद्र गुर्जर के मुताबिक, यश पर 20 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे इंदौर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारी और चार पुलिस कर्मचारी निजी वाहन में यश को लेकर मनावर पहुंचे। उन्होंने यहां यश के घर पर पिता के साथ करीब एक घंटे तक पूछताछ की, फिर इंदौर लौट गए। क्राइम ब्रांच को पता चला था कि यश दिल्ली में अपने किसी परिचित के यहां किराए के मकान में रह रहा है। वह नशा गैंग से जुड़े साथियों के पास रहकर फरारी काट रहा था। यश युवतियों के जरिए पब-बार में रईस परिवार के युवाओं को जाल में फंसाकर नशे का आदी बना देता था। नाइजीरिया से भी ड्रग्स लाने की बात सामने आई है। पुलिस इसे लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।

दुष्कर्म का मामला भी दर्ज
एसपी विजय खत्री ने बताया कि 23 दिसंबर 2020 को यश पर एक 21 साल की कॉलेज स्टूडेंट ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। युवती ने पुलिस को बताया था कि यश और उसका एक साथी अकमल उसे विजयनगर क्षेत्र में माल स्थित पब लेकर गए थे। यहां उन्होंने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ रेप किया। इसके अलावा दोनों उसे अन्य कई होटल्स में भी लेकर गए और वहां भी नशा देकर रेप किया।

ड्रग्स वाली आंटी का जाल कई जगह फैला था। बेटे यश जैन के जरिए अधिकांश टूरिस्ट स्पॉट्स को भी कवर कर रखा था। मुंबई, गोवा और दिल्ली के अलावा शहर के आसपास के टूरिस्ट स्पॉट्स पर भी ये हाई-प्रोफाइल युवक-युवतियों के समूह को पार्टियों में नशा उपलब्ध कराती थी। ड्रग्स करने वाले हाई प्रोफाइल युवाओं के बीच प्रीति ‘ड्रग वाली आंटी’ के नाम फेमस थी।

प्रीति जैन पुणे की रहने वाली है। धार की कुक्षी तहसील में उसकी शादी हो गई। हद से ज्यादा महत्वाकांक्षी और बड़े सपने देखने वाली प्रीति की पति से अनबन थी। जब उसे लगा कि वह अपने सपने पूरे नहीं कर पाएगी तो उसने पति को छोड़ दिया और बेटे यश को लेकर इंदौर आ गई। इंदौर आकर उसकी मुलाकात मनावर और मंदसौर के ड्रग्स सप्लायरों से हुई। इनकी लग्जरी लाइफ देखकर उसे कम समय में पैसा कमाने का ये तरीका ठीक लगा। अंग्रेजी से एमए की डिग्री लेने वाली प्रीति पढ़ाई के दम पर कुछ खास कमा नहीं पाती थी, इसलिए उसने शॉर्ट कट तरीका अपनाया।

ड्रग वाली आंटी हर शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइट से दिल्ली जाया करती थी। दिल्ली में एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में नाइजीरियन इसे आसानी से ड्रग्स उपलब्ध करवा दिया करते थे, जिसके बाद वह इंदौर आ जाया करती थी। रविवार को बार और रेस्टोरेंट में नशे की डिमांड अधिक होती है। इसलिए रात के अंधेरे में ही आंटी ग्राहकों तक इसे पहुंचा दिया करती थी।

काली कमाई से लग्जरी लाइफ
ड्रग्स की काली कमाई से प्रीति अपने ऐशो आराम को पूरा करने में खर्च करती थी। दो साल पहले जब पुलिस ने उसके बंगले पर छापा मारा था तो वहां से उन्हें एक हजार जोड़ी ड्रेसेस मिली थीं। उसमें उसके 250 जोड़ी लहंगा चुनरी थीं। प्रीति को विदेश टूर का भी शौक था। मलेशिया, दुबई, थाईलैंड, बैंकॉक उसके पसंदीदा डेस्टिनेशन में से थे। जब भी उसे अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए जाना होता था तो वह अधिकतर इन्हीं देशों को चुना करती थी।