WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

नशे में धुत परिजनों का महिला डॉक्टरों और स्टाफ पर हमला, मौत के बाद जमकर हुआ हंगामा

400
WhatsApp Image 2025 12 29 At 19.21.23

नशे में धुत परिजनों का महिला डॉक्टरों और स्टाफ पर हमला, मौत के बाद जमकर हुआ हंगामा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले से चिकित्सा जगत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत से गुस्साए और नशे में धुत परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों के साथ जमकर मारपीट और गाली-गलौज की।इस हमले में विशेष रूप से ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टरों को निशाना बनाया गया, जिससे अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने इस मामले में सिविल सर्जन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ा मामला दर्ज किया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 26 दिसंबर की रात मरवाही के भर्रीडांड इलाके में एक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें घायल तीन मरीजों को जिला अस्पताल गौरेला लाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद एक मरीज, दुर्गेश रजक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों—ईश्वर और विवेक—की स्थिति प्राथमिक उपचार के बाद स्थिर बताई।देर रात जब मृतक के परिजन और उनके साथी अस्पताल पहुंचे, तो वे नशे की हालत में थे।उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज न करने का झूठा आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने महिला डॉक्टरों के साथ बदतमीजी की और उन पर बेवजह ऑक्सीजन लगाने व वार्ड में भीड़ जमा करने का दबाव बनाने लगे।

हंगामा इतना बढ़ गया कि जब वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्डों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में कई सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल के कर्मचारियों को चोटें आईं।आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि डॉक्टरों और स्टाफ को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

अस्पताल प्रशासन ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह पैकरा की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) और छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान अधिनियम 2010 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।