WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

ED Arrested Arvind Kejriwal : शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार

1072
ED Arrested Arvind Kejriwal
ED Arrested Arvind Kejriwal

ED Arrested Arvind Kejriwal : शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार!

नई दिल्ली: दिल्ली की शराब नीति केस में अब तक पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, कारोबारी विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली और AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बाद प्रवर्तन निदेशालय{ED} ने सीएम अरविंद केजरीवाल कोआज  21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया है. आज ही दिल्ली हाईकोर्ट ने केजरीवाल को गिरफ्तारी को लेकर प्रोटेक्शन देने से इनकार कर दिया था. जिसके बाद ED की टीम गुरुवार शाम 7 बजे केजरीवाल के घर पहुंची. टीम के पास सर्च वारंट था. जांच एजेंसी ने दो घंटे तक सीएम हाउस की तलाशी ली. फिर करीब 2 घंटे केजरीवाल से पूछताछ की. इसके बाद रात 9 बजे ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया. सीएम केजरीवाल को पहले ED हेडक्वार्टर ले जाया गया है. यहीं पर राम मनोहर लोहिया (RML)अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनका मेडिकल टेस्ट करेगी. ED हेडक्वार्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई. ऑफिस के आसपास अर्धसैनिक बल की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं. दिल्ली पुलिस के 100 से ज्यादा जवान भी मौजूद हैं.

photo 2024 02 14t181323497 1707914786

पुलिस ने नारेबाजी कर रहे केजरीवाल के कई समर्थकों को भी हिरासत में ले लिया है. वहीं, आम आदमी पार्टी की नेता और मंत्री आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होने के बाद भी सीएम बने रहेंगे. गिरफ्तारी को “राजनीतिक साजिश” बताते हुए आतिशी ने कहा, “दो साल में वे एक रुपया भी बरामद नहीं कर पाए हैं, जबकि इस मामले में 500 से अधिक अधिकारी शामिल थे.”

सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने अरविंद केजरीवाल और उनके फैमिली मेंबर्स का मोबाइल फोन और दूसरे गैजेट्स जब्त कर लिए थे. सीएम हाउस के बाहर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी. केजरीवाल के घर के बाहर धारा-144 भी लगा दिया गया था. सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल को मास्टमाइंड बताया है.

दिल्ली के शराब नीति केस में ईडी अरविंद केजरीवाल को अब तक 9 समन भेज चुकी है, लेकिन वह एक बार भी ईडी के सामने पेश नहीं हुए. केजरीवाल ने 9वें समन को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए गिरफ्तारी से प्रोटेक्शन की मांग की थी. जो खारिज हो गई. जिसके बाद ईडी सीएम के घर पहुंची है.

इससे पहले केजरीवाल ने कोर्ट से कहा था कि वे प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें भरोसा दिया जाए कि जांच एजेंसी उन्हें गिरफ्तार नहीं करेगी. इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने ED को जवाब देने और नई अंतरिम याचिका दायर करने के लिए भी कहा है. 22 अप्रैल को इस केस की अगली सुनवाई होगी.

शराब नीति केस में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को इस साल 17 मार्च को नौवां समन भेजा था. उससे पहले दिल्ली के सीएम को 27 फरवरी को आठवां, 26 फरवरी को सातवां, 22 फरवरी को छठा, 2 फरवरी को पांचवां, 17 जनवरी को चौथा, 3 जनवरी को तीसरा समन जारी किया गया था. वहीं, 2023 में 21 दिसंबर को दूसरा और 2 नवंबर को पहला समन जारी हुआ था.

इस बीच ED के एक्शन के खिलाफ अरविंद केजरीवाल की लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट पहुंची है. टीम ने ई-फाइलिंग के जरिए अर्जी दाखिल की और केस की तुरंत सुनवाई के लिए अर्जेंट लिस्टिंग की मांग की. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई तुंरत करने से इनकार कर दिया. अदालत शुक्रवार सुबह केजरीवाल की अर्जी पर सुनवाई करेगी. कोर्ट में कांग्रेस नेता और जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी केजरीवाल का पक्ष रख रहे हैं. केजरीवाल की लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री से संपर्क कर रही है. लीगल टीम ने मामले की जानकारी चीफ जस्टिस को देने की मांग की है.

केजरीवाल पर क्या है आरोप?
दिल्ली शराब नीति घोटाला केस में प्रवर्तन निदेशालय की टीम केसीआर की बेटी के. कविता को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है. ईडी की टीम ने बयान जारी किया है. इसमें एजेंसी ने शराब नीति घोटाला केस में गिरफ्तार के. कविता के साथ अरविंद केजरीवाल का भी नाम लिया है. प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने दावा किया कि के. कविता ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया के साथ मिलकर शराब नीति में बदलाव करवाए.

शराब नीति केस में अब तक कौन-कौन गिरफ्तार
दिल्ली की शराब नीति केस में अब तक पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, कारोबारी विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली और AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह अरेस्ट हो चुके हैं. इस केस में मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी 2023 को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था. तब से वह तिहाड़ जेल में हैं. शराब नीति घोटाले में संजय सिंह का नाम पहली बार दिसंबर 2022 में सामने आया था. तब ईडी ने चार्जशीट में कारोबारी दिनेश अरोड़ा के बयान के हिस्से के रूप में आप नेता के नाम का उल्लेख किया गया था. दिल्ली शराब नीति घोटाला केस में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने बीआरएस नेता और केसीआर की बेटी के. कविता को हिरासत में ले रखा है.