WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Enthusiasm in Congress With Victory : कांग्रेस में जीत का उत्साह, पहले चरण में 3 निगमों पर कांग्रेस का पंजा सख्त!

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा पर दबाव की राजनीति का आरोप लगाया

846
Enthusiasm in Congress With Victory : कांग्रेस में जीत का उत्साह, पहले चरण में 3 निगमों पर कांग्रेस का पंजा सख्त!

Bhopal : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के परिणामों पर मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 1999 में हमारे पास नगर निगम की मात्र 2 सीट थी। 2004 में भी 2 सीटें थी, 2009 में हम 3 जगह जीते थे। लेकिन, 2014-15 में हम शून्य पर थे। यह सबको पता है। पार्षदों की बात करें, तो पिछली बार हमारे कितने पार्षद थे और इस बार हमारे कितने पार्षद जीते हैं इसके आँकड़े भी सामने आ जाएंगे। इससे सच्चाई का पता चल जाएगा।

हमने 11 में से 3 सीट जीती हैं। उज्जैन और बुरहानपुर में हम बहुत कम अंतर से हारे। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी जीती है। जबकि, पिछली बार प्रदेश की सभी निगम जीतने वाली भाजपा ने 11 में से 7 सीट जीती।

आज भाजपा किस बात का जश्न मना रही है? जब उसकी इतनी हार हुई, तो फिर किस बात का जश्न वो मना रहे हैं, यह प्रश्न आज सभी के सामने है। हमने भाजपा से 3 सीट छिनी, बुरहानपुर में हम 388 वोट से हारे है। उज्जैन में भी यही स्थिति रही।

कमलनाथ ने कहा कि इस चुनाव में हमारा मुकाबला सिर्फ भाजपा से ही नहीं था। बल्कि, भाजपा के पैसे, पुलिस और प्रशासन से भी था। मैं तो प्रदेश की जनता को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने भाजपा के पैसे, पुलिस, प्रशासन को नकार दिया। भाजपा ने खुलेआम इन तीनों का नंगा नाच इन चुनावो में कराया है। भाजपा जहां भी चुनाव जीती वो पुलिस, पैसे और प्रशासन के दम पर ही जीती।


Read More… BJP Win : बढ़त लगातार बरकरार, भार्गव की जीत एक लाख 32 हजार 957 वोट से हुई! 


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 15 माह बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव है। मुझे पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार जनता ने पंचायत चुनाव में हमारा समर्थन किया है, नगरीय निकाय के चुनाव में हमारा समर्थन किया, वैसा ही समर्थन हमें विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। भाजपा झूठे आंकड़े परोस रही है। वह जनमत को खरीदना चाहती है। ख़रीद-फ़रोख़्त से कुछ होने वाला नहीं है। वो जो दबाव-प्रभाव की राजनीति कर रही हैं, उससे कुछ होने वाला नहीं है।

मतदाताओं ने इन चुनावों में अपनी मंशा बता दी है, उनकी अंतरात्मा की आवाज़ उन्होंने बता दी है। कितने उदाहरण सामने है डराने-दबाने के, खरीदने के। लेकिन, विधानसभा चुनावो में सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। कमलनाथ ने कहा कि मुझे इन परिणामों से बड़ी खुशी है, मैं तो प्रदेश के मतदाताओं का आभार मानता हूँ और कांग्रेस जनों को भी बधाई देता हूं कि उन्होंने भाजपा से ही नहीं अपितु भाजपा के पैसे, पुलिस, प्रशासन से भी मुकाबला किया।

मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कमलनाथ ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिंगरौली की 1 सीट जीती है। लेकिन, उनके पार्षद सिर्फ 3 ही जीते। बुरहानपुर में हम ओवैसी की पार्टी के कारण हारे। ओवैसी की पार्टी भाजपा की बी-टीम बनकर काम करती है, यह सच्चाई सबके सामने है। इन चुनावों में इस बात का भी खुलासा हो गया कि ओवैसी की पार्टी आज किसके साथ खड़ी है और कहां खड़ी है।


Read More… Beginning of AAP : ‘आप’ के गवर्नेंस मॉडल की MP में सिंगरौली के रास्ते शुरुआत! 


एक सवाल के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ग्वालियर क्षेत्र में हमारे पार्षद बड़ी संख्या में जीते और हमारी महापौर प्रत्याशी भी अच्छे मतों से जीती हैं। हम 50 साल बाद यहाँ से जीते, यह भी एक इतिहास है। छिंदवाड़ा में जनपद हम जीते, ज़िला पंचायत के सदस्य हमारे ज्यादा जीते, नगर निगम हम जीते, पार्षद हमारे ज़्यादा जीते है। मैं छिंदवाड़ा की जनता को धन्यवाद देता हूं कि मैं वहाँ प्रचार के लिए मात्र डेढ़ दिन गया और मेरी अनुपस्थिति के बावजूद छिंदवाड़ा की जनता ने मुझे इतना प्यार और स्नेह दिया है। करीब 20 साल बाद हम छिंदवाड़ा जीते हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे परिणाम आने दीजिए फिर तुलनात्मक अध्ययन करिए कि पहले कितने वार्ड भाजपा के पास थे और कांग्रेस के पास कितने थे और अब कितने है। कमलनाथ ने कहा कि इंदौर, भोपाल में हार का हम अध्ययन करेंगे। हमने बेहतर प्रत्याशी देने का पूरा प्रयास किया था। परिणाम पूरे आने पर स्पष्ट होगा कि हमारे यहां पार्षद बढ़े रहे हैं। सत्ताधारी दल को हमेशा फायदा मिलता है। भाजपा ने डराने-दबाने का काम इन चुनावों में जमकर किया। आप देखिए उज्जैन में भाजपा क्या कर रही है! हर चुनाव का अपना महत्व होता है।जनपद में जिला पंचायत में हम कितना जीते हैं, उसके आंकड़े सामने हैं। मैं इन परिणामों से उत्साहित हूं। मैं तो प्रदेश की जनता का और कांग्रेस जनों का धन्यवाद देता हूं।