WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Factory Owner Arrested : बनासकांठा में हुए हादसे में 21 मौतों का जिम्मेदार पटाखा फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार!

641
WhatsApp Image 2025 04 02 At 18.36.31

Factory Owner Arrested : बनासकांठा में हुए हादसे में 21 मौतों का जिम्मेदार पटाखा फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार!

अधिकांश मृतक और घायल मध्य प्रदेश निवासी, गुजरात और MP के सीएम ने राहत की घोषणा की!

Banaskantha (Gujarat) : पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद 21 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने गोदाम के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। हादसे के कुछ घंटों बाद हुई गिरफ्तारी के संबंध में बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक चिराग कोराडिया ने बताया कि गोदाम में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और निर्माण किया जा रहा था। कोराडिया ने बताया कि गोदाम के मालिक दीपक मोहनानी को बनासकांठा पुलिस की एक टीम ने मंगलवार रात साबरकांठा जिले से ही गिरफ्तार किया।

धमाके के बाद आई शुरुआती सूचना में अधिकारियों ने बताया था कि गोदाम का नाम दीपक ट्रेडर्स है, जिसके मालिक दीपक और उसके पिता खूबचंद मोहनानी हैं। मंगलवार सुबह यह हादसा बनासकांठा जिले के डीसा कस्बे के पास हुआ। पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट के बाद लगी आग में 21 लोगों की मौत के अलावा 6 लोग घायल भी हुए। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का एलान किया है।

WhatsApp Image 2025 04 02 at 18.36.31 1

घटनास्थल का मंजर विचलित करने वाला

धमाके के बाद का मंजर काफी विचलित करने वाला था। विस्फोट मंगलवार सुबह लगभग 9.45 बजे हुआ। धमाके के बाद डीसा कस्बे के पास एक औद्योगिक क्षेत्र में बना गोदाम पूरी तरह ध्वस्त हो गया। स्थानीय लोगों के बयान से हादसे के बाद के भयावह मंजर का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने बताया कि गोदाम में मौजूद श्रमिकों के शरीर के अंग हवा में उड़कर 200-300 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कलेक्टर मिहिर पटेल ने बताया कि सभी मृतक मूल रूप से मध्य प्रदेश के हरदा और देवास जिले के रहने वाले थे। 21 मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। छह घायलों का इलाज कराया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि 19 मृतकों की पहचान हो चुकी है। दो अन्य कि शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

अधिकतर पीड़ित मध्य प्रदेश निवासी

हादसे में मरने वाले 21 लोग मध्य प्रदेश के श्रमिक और उनके परिवार के सदस्य थे। इनमें से अधिकतर की मौत मलबा गिरने से हुई। पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया कि गोदाम में विस्फोट के कारण आग लगने और इमारत का कुछ हिस्से ढह जाने से कई लोग मलबे में दब गए। एसपी के मुताबिक पटाखों के भंडारण के लिए थी और अभी तक इस बात का कोई सुराग नहीं मिला है कि वहां पटाखे बनाए जा रहे थे।

गुजरात और मध्य प्रदेश के सीएम ने मदद का भरोसा दिलाया

पटाखा गोदाम में विस्फोट के बाद आग लगने की सूचना मिलने पर राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंचे डीसा नगरपालिका के दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। बचाव कार्य में सहायता के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम को भी तैनात किया गया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार गुजरात सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। घटना से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।