WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Sumitra Mahajan Angry : नगर निगम के कामकाज से पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन नाराज!

उन्होंने कहा ' त्योहार पर जब बाजारों में भीड़ है, तब सड़क खुदाई का काम शुरू कर दिया गया!'

1137

Sumitra Mahajan Angry : नगर निगम के कामकाज से पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन नाराज!

Indore : आठ बार इंदौर की सांसद रही, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन इन दिनों नगर निगम के कामकाज के तरीकों से बेहद नाराज हैं। उन्होंने नगर निगम के अव्यवस्थित कामकाज और नियोजित ढंग से काम न करने पर गुस्सा जाहिर किया।

एक स्थानीय टीवी चैनल को को शहर को लेकर अपनी पीड़ा बताते हुए सुमित्रा महाजन ने कहा कि दीपावली के मौके पर शहर की सड़कों की बार-बार खुदाई ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि क्या निगम अधिकारियों को नहीं मालूम कि दीपावली का त्योहार है? जब बाजारों में भीड़ होती है, तब सड़क खुदाई का काम शुरू कर दिया गया। इससे शहर के कितने लोग परेशान हो रहे हैं, ये उन्हें पता है कि नहीं!

महाजन ने कहा कि यशवंत रोड शहर का मुख्य मार्ग है। ऐसे में त्योहार के समय ही सड़क खोद दी गई। शहर में सड़कों को बार-बार क्यों खोदा जा रहा है? क्या यह नहीं हो सकता था कि एक बार खुदाई करने के दौरान ही उससे जुडे़ सभी काम पूरे कर लिए जाएं। पानी, ड्रेनेज सभी जरूरी हैं लेकिन काम नियोजित तरीके से होना चाहिए।

सुमित्रा महाजन ने साकेत से मनीषपुरी में सड़क खुदाई को लेकर भी निगम अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। महाजन ने कहा कि मैं कोई पॉलिटिकल बात नहीं कर रहीं हूं। बल्कि, शहर हित की बात कर रही हूं। क्या अधिकारी इंदौर को नहीं जानते हैं। अगर बाहर के हैं तो विचार करें पूरी जानकारी आने दें फिर काम शुरू करें।

देखा गया है कि शहर में एक ही सड़क को बार-बार खोदा जाता है। इस बात से जनता भी बहुत परेशान है। न सिर्फ पैसों का अपव्यय होता है, बल्कि लोग भी परेशान होते हैं। निगम के अधिकारी कई बार सड़क में लाइनें डालना भूल जाते हैं तो कई बार ड्रेनेज चोक आदि की वजह से सड़कें खोदना पड़ती हैं।

 

नगर निगम ने कोई सफाई नहीं दी

पूर्व लोकसभा स्पीकर की इस नाराजी को लेकर अभी तक नगर निगम की तरफ से कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया। जबकि, इंदौर शहर देश में 6 बार सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हांसिल कर चुका है और अगले साल फिर स्वच्छता सर्वे शुरू होने वाला है। ऐसे में शहर की कई सड़कें खुदी पड़ी है और स्वच्छता को लेकर भी लोगों में नाराजी सामने आई है। ऐसे माहौल में सुमित्रा महाजन की ये नाराजी मायने रखती है।