WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

पेट्रोल पंप पर पूर्व कर्मचारी ने चलाए नकली नोट, 500 के बदले दिए पांच सौ के जाली नोट, प्रकरण दर्ज

504

पेट्रोल पंप पर पूर्व कर्मचारी ने चलाए नकली नोट, 500 के बदले दिए पांच सौ के जाली नोट, प्रकरण दर्ज

▪️कमलेश नाहर

RANAPUR: झाबुआ जिले के राणापुर नगर में एक पेट्रोल पंप पर नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। पूर्व कर्मचारी द्वारा 100-100 रुपये के पांच नकली नोट देकर 500 रुपये का असली नोट ले जाने का खुलासा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज से युवक की पहचान होने के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया है।

दिनभर का कलेक्शन गिनते समय हुआ खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय पवन गाहरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े पापा अंबालाल गाहरी के कष्टभंजन एसार पेट्रोल पंप का संचालन करता है। दिनांक 20 जनवरी को अजय गाहरी, विजय गाहरी, संजय चौधरी और विमांशु बंदवार रोज की तरह दिनभर का कलेक्शन गिनकर हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान 100 रुपये के पांच नोट संदिग्ध प्रतीत हुए।

नोटों के कागज और सीरियल नंबर से हुआ शक पुख्ता

नोट गिनते समय अजय गाहरी को नोटों का कागज अलग लगा। संदेह होने पर विजय गाहरी से भी नोट गिनवाए गए, जिन्हें भी नोट नकली जैसे लगे। जांच करने पर पाया गया कि पांच में से दो नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे थे, जिससे स्पष्ट हो गया कि सभी पांचों नोट नकली हैं।

पूर्व कर्मचारी पर गया शक, सीसीटीवी से हुई पुष्टि

नोटों को लेकर जब पेट्रोल पंप पर कार्यरत अमरसिंह वास्कले से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसी दिन शाम करीब 8.30 बजे पेट्रोल पंप पर पहले काम कर चुका नंदकिशोर पिता शंकर नायक निवासी ग्राम छायनसेमलखेड़ी आया था। नंदकिशोर ने 100-100 रुपये के पांच नोट देकर 500 रुपये का एक नोट लिया था।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा लेनदेन

पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें नंदकिशोर को अमरसिंह वास्कले को पैसे देते हुए साफ देखा गया। इसके बाद नंदकिशोर से फोन पर संपर्क किया गया, जिस पर उसने स्वीकार किया कि उसी ने पेट्रोल पंप पर नकली नोट चलाए थे और बाद में आकर पूरी बात बताने की बात कही।

● न आरोपी आया, न नोट बदले, पुलिस में रिपोर्ट

फोन पर बातचीत के बाद भी नंदकिशोर पेट्रोल पंप पर वापस नहीं आया। इसके बाद अजय गाहरी ने विजय गाहरी के साथ 100 रुपये के पांच नकली नोट, जिनके सीरियल नंबर 6TT621004, 6TT621004, 6TT621358, 6TT621008 और 6TT621347 हैं, लेकर पुलिस थाना राणापुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, जांच शुरू

पुलिस थाना राणापुर के टीआई दिनेश रावत ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर नकली नोट देने वाले युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।