WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

18 साल के कामकाज का हिसाब दें शिवराज: नर्मदापुरम में कमलनाथ ने रैली को संबोधित किया

1300
WhatsApp Image 2022 09 27 At 6.40.14 PM 696x392

नर्मदापुरम से चंद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल के कार्यकाल में प्रदेश को किसान आत्महत्या में नंबर वन बना दिया है, महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन बना दिया है और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया है। मुख्यमंत्री अपने 18 साल के कामकाज का हिसाब जनता को दें। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नर्मदापुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आज यह बात कही।

‘नर्मदा मैया की जय’ के नारों के बीच कमलनाथ ने कहा कि नर्मदापुरम पवित्र ऐतिहासिक शहर है, मां नर्मदा का शहर है, लेकिन इसको उसकी प्रतिष्ठा के अनुरूप विकसित नहीं किया गया है। नर्मदापुरम का विकास करने के लिए विजन की जरूरत होती है, टेलीविजन वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यह काम नहीं कर सकते।

श्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान से सबसे बड़ा सवाल मैं यह पूछना चाहता हूं कि प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को रोजगार कैसे मिलेगा? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौजवानों से वादा किया था कि वे हर साल दो करोड़ रोजगार देंगे। उन्होंने कहा था कि किसानों की आमदनी दुगनी कर देंगे। लेकिन इस विषय में सरकार ने कुछ नहीं किया, इसलिए यह राष्ट्रवाद की राजनीति करते हैं। चीन और पाकिस्तान की बात करते हैं।

WhatsApp Image 2022 09 27 at 6.40.14 PM 1

मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि यह कांग्रेस पार्टी को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की कोशिश ना करें, सच्चे राष्ट्रवादियों की पार्टी कांग्रेस पार्टी है। भाजपा वाले बता दें कि इनके परिवार में कौन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी था। कांग्रेस में स्वतंत्रता सेनानियों की लंबी परंपरा है। शिवराज सिंह चौहान सिर्फ झूठ,घोषणा कलाकारी और ध्यान मोड़ने की राजनीति कर रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति लोगों को जोड़ने की है। हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ते जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं। कांग्रेस की संस्कृति लोगों को जोड़ने की संस्कृति है। आज इस संस्कृति पर हमला हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज ऐसा कोई देश नहीं है जहां इतनी भाषाएं हो, जहां इतने धर्म हो, जहां इतने त्यौहार हो। हम दक्षिण की ओर जाते हैं तो हमारी धोती भी लुंगी बन जाती है। माताओं बहनों का साड़ी पहनने का तरीका बदल जाता है। भारत की संस्कृति विविधता की यह पहचान है।

जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मैंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, ₹100 में 100 यूनिट बिजली दी, युवाओं को रोजगार देने की पहल की। आज का नौजवान ठेका और कमीशन नहीं चाहता वह रोजगार चाहता है। शिवराज सिंह चौहान नौजवानों को बताएं कि वह उन्हें रोजगार क्यों नहीं दे रहे हैं?

कमलनाथ ने कहा कि 12 महीने बाद प्रदेश की जनता मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा फहराएगी। उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस को वोट मत देना कमलनाथ को वोट मत देना लेकिन सच्चाई को वोट देना। आप सच्चाई को वोट देंगे तो कांग्रेस पार्टी का जीतना तय है।