WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Heart Attack in Coaching Class : कोचिंग क्लास में छात्र को साइलेंट अटैक आया, वहीं मौत हुई!

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, छात्र को कोई बीमारी नहीं, बचाने के प्रयास भी हुए!

1981

Heart Attack in Coaching Class : कोचिंग क्लास में छात्र को साइलेंट अटैक आया, वहीं मौत हुई!

Indore : आम धारणा है कि दिल की बीमारी 40 साल के बाद होती है और यह खास तौर पर ज्यादा वजन वाले लोगों को अपना शिकार बनाती है। लेकिन, यहां की एक कोचिंग क्लास में सागर जिले के एक 20 साल के छात्र की हार्ट अटैक से मौत ने सभी को सकते में डाल दिया। इस छात्र को कोचिंग क्लास में ही साइलेंट अटैक आया था।

छात्र की मौत से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसमें साफ दिखाई दे रहा कि छात्र बाकी साथियों के साथ क्लास अटेंड कर रहा है। तभी अचानक तेजी के साथ टेबल पर सिर रख लेता है। इसके बाद उसके साथ में बैठा उसका साथी उससे कुछ बात करता है. इसके बाद वह सिर एक बार फिर से ऊपर उठाता है।

इस दौरान आस-पास के छात्र उसकी तरफ देखते हैं और उसकी मदद करने की कोशिश करने के साथ यह जानकारी शिक्षक को देते हैं। तभी छात्र बेंच के नीचे गिर जाता है। इसके बाद पूरे क्लास में अफरा-तफरी मच जाती है। उसे नजदीक के अस्पताल में ले जाता जाता है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस पूरे मामले में भंवरकुंआ थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में एक कोचिंग में यह घटना हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। सर्वानंद नगर में किराए पर रहने वाले सागर निवासी राजेश उर्फ राजा लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सागर में उसकी बीए फाइनल की पढ़ाई भी चल रही थी। छात्र राजा लोधी हमेशा की तरह बुधवार को भी कोचिंग गया, जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेंच पर बैठे-बैठे गिर पड़ा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां तत्काल डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया, हालांकि उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसके बाद युवक के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल यही लग रहा है कि स्टूडेंट को कार्डियक अटैक आया।

यूपीएससी की तैयारी कर रहा था छात्र  

घटना की जानकारी लगने के बाद युवक के परिवार के लोग सागर से इंदौर पहुंचे। परिवार के लोग कोचिंग इंस्टिट्यूट भी गए और घटना की जानकारी ली। युवक के परिवार में एक बड़ा भाई है, जो मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। वहीं, छोटा भाई इंदौर आकर आईएएस कोचिंग इंस्टिट्यूट में पढ़ाई कर रहा था। मृतक के बड़े भाई प्रेम लोधी ने बताया कि हमारा भाई राजेश लोधी डेढ़ साल से इंदौर में पढ़ाई कर रहा था। हमें इस बात की खबर मिली, तो हमें समझ ही नहीं आया कि आखिर क्या हो गया। छोटे भाई को कोई बीमारी नहीं थी। परिवार में माता-पिता एक भाई और एक बहन है।

पढ़ने में अच्छा था छात्र, नहीं थी टेंशन

कोचिंग के संचालक अश्विनी कुमार ने बताया कि सागर का राजेश उर्फ़ राजा लोधी पिता माधव लोधी इंदौर में डेढ़ साल से पीएससी की तैयारी कर रहा था। रोज की तरह बुधवार को भी क्लास अटेंड करने आया था। सुबह 8 बजे से डेढ़ बजे तक बुधवार को यह क्लास चलना थी। लगभग एक बजे राजा को कार्डियक अरेस्ट आ गया। इस दौरान स्टूडेंट्स ने सीपीआर देने की कोशिश की। इसके बाद जल्द ही पास ही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट्स राजा को कोई टेंशन नहीं था, वह टेस्ट में अच्छे नंबर लाता था। उन्होंने कहा कि पता ही नहीं चला कि यह सब कैसे हो गया!