WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Hottest City : रविवार को इंदौर देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ, तापमान 41.9 डिग्री!

दस सालों में इंदौर का तापमान इतना ज्यादा कभी नहीं रहा!

838

Hottest City : रविवार को इंदौर देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ, तापमान 41.9 डिग्री!

दस सालों में इंदौर का तापमान इतना ज्यादा कभी नहीं रहा!

Indore : बदलते मौसम के बीच इंदौर में गर्मी भड़क गई। रविवार को देश का सबसे गर्म शहर इंदौर रहा। यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा होकर 41.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जबकि, शनिवार को पारा 35.5 डिग्री था, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था। एक ही दिन में 6.4 डिग्री का इजाफा हुआ। अचानक तापमान में आई इस उछाल के कई कारण बताए जा रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर भी रविवार को समाप्त हो गया।

मई का महीना गर्मी के लिए जाना जाता है, इसलिए बादल-बारिश खत्म होते ही गर्मी लौट आई। इसके अलावा हवा की दिशा भी पश्चिमी थी, जो अपने साथ गर्म हवा लेकर आई। इससे पहले 17 अप्रैल को अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा होकर 39.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद सीधे 7 मई को तापमान ने लंबी छलांग लगाई है। दस सालों में इंदौर का तापमान कभी इतना ज्यादा नहीं रहा। मई का शुरुआती सप्ताह ठंडे रहे थे। सुबह के समय हवा में काफी ठंडापन रहा। तापमान सामान्य 10 डिग्री तक कम रहा। इसके बाद एकदम से पारा इतना उछला।

10 सबसे ज्यादा गर्म शहर
इंदौर 41.9, सुरेंद्र नगर 41.8, बाड़मेर 41.5, अहमदाबाद 41.4, झांसी 41.1, जैसलमेर 40.8, झारसुगड़ा 40.8, बानकुरा 40.5, चुरू 40.5 और वल्लविद्या नगर में तापमान 40.5 डिग्री रहा।

कई राज्यों में बारिश की चेतावनी
माैसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवात ‘माेचा’ काे लेकर अलर्ट जारी किया है। साेमवार से अगले पांच दिनाें तक नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उप्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में बारिश हाेगी। असम, मेघालय, प. बंगाल, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी में छिटपुट बौछारें और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

तूफान का असर मप्र में नहीं
मध्यप्रदेश में बंगाल की खाड़ी से उठने वाले तूफान का ज्यादातर हिस्सों में ज्यादा असर होने की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान कोई सिस्टम सक्रिय हुआ तो प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं। कहीं बूंदाबांदी या कहीं बारिश भी हो सकती है। देश के अन्य कई राज्यों में तूफान का असर होने की संभावना है।