WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Indore News: मंत्री तुलसी सिलावट ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की

297

Indore News: मंत्री तुलसी सिलावट ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की

इंदौर: इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में रेसीडेंसी कोठी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, जिले के समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सार्वजनिक एवं निजी नल-जल योजनाओं, हैंडपंपों एवं अन्य पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मंत्री श्री सिलावट ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी हैंडपंपों एवं पेयजल स्रोतों के 100 मीटर के दायरे में विशेष साफ-सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने इस कार्य को मिशन मोड में लेते हुए आगामी 7 दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए।

मंत्री श्री सिलावट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्रामीण को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल ग्रामों का भ्रमण कर ऐसे पेयजल स्रोतों को चिन्हित करें, जहां साफ-सफाई की आवश्यकता है और सफाई कार्य तुरंत प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।