WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Jolly LLB-3 : अक्षय-अरशद की ‘जॉली एलएलबी-3’ पर न्यायपालिका के अनादर का आरोप! 

वकील की याचिका पर पुणे की सिविल कोर्ट ने अक्षय-अरशद और सुभाष कपूर को समन जारी!

657

Jolly LLB-3 : अक्षय-अरशद की ‘जॉली एलएलबी-3’ पर न्यायपालिका के अनादर का आरोप! 

Mumbai : अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ डायरेक्टर सुभाष कपूर को उनकी नई फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ में न्यायपालिका का कथित रूप से अनादर के आरोप में पुणे की एक सिविल कोर्ट ने समन जारी किया है। एक वकील वाजेद रहीम खान की एक याचिका के बाद यह समन जारी किया गया। अदालत ने तीनों को 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।

वकील के अनुसार, यह कार्रवाई उनके द्वारा दायर एक याचिका के बाद की गई। आरोप लगाया गया कि फिल्म न्याय व्यवस्था का मजाक उड़ाती है और अदालती कार्यवाही का अनादर करती है। याचिका में उन्होंने कानूनी पेशे को नकारात्मक रूप में चित्रित करने पर आपत्ति जताई और एक दृश्य पर चिंता जताई जिसमें न्यायाधीशों को ‘मामा’ कहा गया है, जो एक स्लैंग है।

वकील ने कहा कि वकीलों का सम्मान होना चाहिए, इसलिए मैंने अदालत में एक याचिका दायर की है कि वकीलों और जजों के बारे में जो कुछ भी दिखाया गया, वह गलत है। यह शिकायत मूल रूप से 2024 में फिल्म के पहले टीजर के रिलीज होने के बाद दर्ज की गई थी। फिल्म का टीजर पिछले हफ्ते रिलीज किया गया, जिसमें अक्षय और अरशद द्वारा निभाए गए दो जॉली के टकराव की पहली झलक दिखाई गई थी। ‘जॉली एलएलबी-3’ इस लीगल कॉमेडी फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है।

अरशद द्वारा निर्देशित पहला भाग 2013 में बॉक्स ऑफिस पर एक सुपर हिट रही, जिसने 10 करोड़ के बजट पर लगभग 50 करोड़ की कमाई की थी। अक्षय कुमार अभिनीत सीक्वल, दुनियाभर में 200 करोड़ से अधिक की कमाई के साथ सुपरहिट रहा। जॉली एलएलबी 3 में दोनों कलाकार अपनी-अपनी भूमिकाओं को दोहराते हुए पहली बार साथ नजर आएंगे। सुभाष कपूर की लिखी और उनके डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का निर्माण आलोक जैन और अजीत अंधारे ने स्टार स्टूडियो 18 के बैनर तले किया है। जॉली एलएलबी-3 19 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।