WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Khargone News: कर्फ्यू में 9 घन्टे की छूट, लोगों ने जमकर खरीदारी की, कोई अप्रिय घटना नहीं

नागरिकों की अपील- अब दिन का कर्फ्यू पूरी तरह हटाया जाए

1077
WhatsApp Image 2022 04 23 At 6.17.41 PM 696x384

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: खरगोन में रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव आगजनी और हिंसा के बाद अब शहर में सामान्य हालात हो रहे हैं। प्रशासन ने आज 13 वे दिन कर्फ्यू में 9 घन्टे की छूट देकर बड़ी राहत दी है।

सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में छूट के चलते बाजार गुलजार नजर आये। बाजार में रौनक देखी गई। इस दौरान लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार जमकर खरीददारी की।

 

विशेषकर शादी के सीजन में घर में कैद लोग बाहर निकले और शादी की तैयारी में वापस लग गये। कर्फ्यू के साये में रहने वाले शहर में आज आम जन जीवन सामान्य देखा गया।

ऐसा लग रहा था कि यहाँ कभी कोई तनाव नहीं हुआ था। सभी दुकानों पर भीषण गर्मी के बाद भी भीड़ नजर आई। शहर में इस दौरान अमन शांति और भाई चारा भी दिखाई दिया।

समाज के हर वर्ग के लोग बाजार में देखे गये। वाहनों पर पाबंदी के बाद भी बेरोकटोक छोटे वाहन चलने से भी लोगों को राहत रही। लगातार चल रहे कर्फ्यू से परेशान लोगों का कहना है कि अब प्रशासन को दिन का कर्फ्यू हटा लेना चाहिये। 9 घन्टे की कर्फ्यू की बड़ी छूट में खरगोन की ज़िंदगी पटरी पर वापस लौटती नजर आई है।

एक रिपोर्ट

खरगोन में रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव आगजनी और हिंसा के बाद के मंजर से तनाव फैल गया था लेकिन अब खरगोन शहर शांति की राह पर चल पड़ा है। शनिवार को कर्फ्यू की 9 घन्टे की छूट में बाजार गुलजार नजर आये। लोगों  ने ज़रुरत के सामान की खरीदारी की।

13 दिन में बाजार में पहुंचने वालों के चेहरों पर रौनक थी। ऐसा कहीं भी नहीं लग रहा था कि ये वही शहर है जो पथराव आगजनी और हिंसा के बाद कर्फ्यू और पुलिस के साये में था।

आज भीषण गर्मी में कोई बाजार में पंखा लेने पहुंचा। शादी के चलते कपड़े साड़ी और जेवर लेने भी लोग बाजार पहुंचे। इस दौरान लोगों ने जरूरत के सामान की खूब खरीदारी की। वही भीषण गर्मी से राहत के लिये गन्ने का रस और जूस का भी लोगों ने सेवन किया।

ग्रामीण किसान भी जिला मुख्यालय पर बाजार पहुंचे और बीज खरीदे। अब किसानों को घर पर रखी फसल बेचने के लिये प्रशासन से मंडी खुलने की दरकार है।

बाजार में ऐसा लग रहा था कि यहाँ कुछ हुआ ही नहीं है। आम दिनों की तरह हर वर्ग हर धर्म संप्रदाय के लोग अपने अपने काम में जुटे थे।

13 दिन पहले खरगोन को किसी की ऐसी नजर लगी थी कि खरगोन दंगों को लेकर प्रदेश ही नहीं देश में सुर्खियों में आ गया था लेकिन एक बार फिर खरगोन ने साबित कर दिया कि कुछ शरारती तत्वों का खामियाजा खरगोन नहीं भुगतेगा।

बाजार में आज पहुंचे सभी वर्गो के लोगों और व्यापार व्यवसाय में लगे लोगों से बात की। हर कोई कर्फ्यू से मिली 9 घन्टे की बड़ी छूट से राहत महसूस कर रहा था।

लोगों का कहना था कि अब दिन का कर्फ्यू हटाया जाना चाहिये। शांति की राह में चले खरगोन बाजार की रौनक ने आज एक बार फिर खरगोन की अमन शांति को मजबूत कर दिया है। लोग अमन और शांति की भी अपील कर रहे हैं।

 

दीपक जायसवाल इलेक्ट्रॉनिक खरगोन का कहना था कि प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब दिन का कर्फ्यू समाप्त करना चाहिये। दीपक ने आपसी भाई चारा गंगा जमुना की तहजीब के साथ खरगोन शहर में अमन, शांति सद्भाव के साथ रहने की अपील की। वहीं आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की है।

 

13 दिन बाद बाजार में पहुंचे स्थानीय नागरिक प्रकाश ने कहा कि भीषण गर्मी में पंखा खराब हो गया था। बाजार में लेने आया हूँ। कर्फ्यू में प्रशासन को और ढील बढ़ाना चाहिये।

 

बाजार में जरूरी सामान लेने पहुंची प्रिया जायसवाल का कहना था कि कर्फ्यू में 9 घन्टे की छूट से बड़ी राहत मिली है। लोग जरूरी सामान खरीद रहे हैं। प्रशासन को कर्फ्यू में और छूट बढ़ाना चाहिये। लोगों को अब शांति रखना चाहिये।

 

कपड़ा व्यापारी संघ खरगोन के अध्यक्ष द्वारका दास महाजन का कहना था कि पिछले दो वर्षों से शादी का सीजन कोरोना की भेंट चढ़ गया था। इस बार कर्फ्यू के चलते व्यापार प्रभावित हुआ है। अब दिन का कर्फ्यू हटाकर प्रशासन ने रात का ही कर्फ्यू लगाना चाहिये।