WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Khargone News: चोरी के 23 लाख रुपए वापस लाने पर पुलिस पर फूल बरसाए, अभिनंदन किया

317

Khargone News: चोरी के 23 लाख रुपए वापस लाने पर पुलिस पर फूल बरसाए, अभिनंदन किया

खरगोन: शहर में अनाज व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी के मामले में खरगोन पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए चोरी गई पूरी नगदी 23 लाख 30 हजार रुपए बरामद कर ली है। इस उपलब्धि पर व्यापारी संघ और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम का फूल बरसाकर स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को साक्षी सेल्स फर्म के मुनीम ताहिर ने बैंक से 27 लाख रुपए निकाले थे। इनमें से 2.70 लाख रुपए भुगतान करने के बाद शेष राशि कार में रखी थी। दाता हनुमान मंदिर गली में चाय पीने के दौरान कार अनलॉक रहने का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश 23.30 लाख रुपए से भरा बैग चोरी कर फरार हो गए थे। मामले में कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

IMG 20260427 WA0005

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में जिले के कई थानों के पुलिसकर्मी, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और साइबर सेल को शामिल किया गया। टीम ने पांच दिनों तक लगातार मेहनत करते हुए खरगोन, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर और राजगढ़ सहित छह जिलों के 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जो मुनीम का पीछा करते और बैंक के आसपास रैकी करते नजर आए। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गिरोह के सदस्यों के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने राजगढ़ जिले के थाना बोडा क्षेत्र में पांच दिनों तक सर्चिंग अभियान चलाया और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जंगल क्षेत्र में चोरी की रकम का बंटवारा करने वाले हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की, लेकिन आरोपी घने जंगल और दुर्गम रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि भागते समय वे नगदी से भरा बैग, 23.30 लाख रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा की चार चेकबुक मौके पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस सफल कार्रवाई पर व्यापारी एसोसिएशन ने 51 हजार रुपए पुलिस फंड में देने की घोषणा की है।