WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Leopard Seen Again : सुपर कॉरिडोर पर कल रात रहवासी इलाकों में फिर दिखा तेंदुआ!

वन विभाग की टीम के अलावा कई जगह तेंदुए की लोकेशन मिल रही!

3815

Leopard Seen Again : सुपर कॉरिडोर पर कल रात रहवासी इलाकों में फिर दिखा तेंदुआ!

Indore : सुपर कॉरिडोर पर इंफोसिस और टीसीएस परिसर के आसपास सप्ताह भर पहले नजर आया तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ वहीं जमा है। उसकी लोकेशन इस इलाके में ही मिल रही है। रहवासी टाउनशिप में गुरुवार रात भी तेंदुए की लोकेशन मिली। उसे देर रात सीसीटीवी कैमरे में देखा गया। समर्थ ड्रीम और प्रीमियम ग्रीन में 25 जनवरी की रात तेंदुए का शावक घूमता हुआ नजर आया। शावक का मूवमेंट घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हुआ। जिसके बाद रहवासियों में दहशत का माहौल है।आश्चर्य है कि वन विभाग की टीम के अलावा तेंदुआ सबको लगातार नजर आ रहा है।

रहवासियों से मिली जानकारी के अनुसार तेंदुए का शावक 25 जनवरी की रात 11 से 12 बजे की बीच में नज़र आया है। सुपर कॉरिडोर के आसपास के क्षेत्रों में लगातार तेंदुए का मूवमेंट देखा जा रहा है, वह पकड़ में भी नहीं आ रहा। तेंदुए का शावक सीसीटीवी में नजर आने के पहले भी ग्रामीणों और रहवासियों ने तेंदुए को शावक के साथ भी देखा था। वन विभाग पिछले एक सप्ताह से तेंदुए को पकड़ने में असफल रहा है। यहां तेंदुए का मूवमेंट लगभग 10 दिन से हो रहा है। वन विभाग के 25 कर्मियों की टीम सर्चिंग में लगी हुई है। विभाग के साथ ही स्थानीय पुलिस थाने का बल भी सर्चिंग कर रहा है।

कब, कहां देखा गया तेंदुआ

बुधवार को रात 8 से 9 बजे के बीच नैनोद में तेंदुआ और उसके शावक को देखा गया था। ⁠समर्थ ग्रीन के रहवासियों के मुताबिक रात करीब 8 बजे प्रेम राज मैरिज गार्डन के पास तेंदुए के शावक को फिर देखा गया। इसी रात 9 बजे के आसपास ब्रह्मा सिटी में भी तेंदुए का मूवमेंट मिला। ⁠तेंदुआ और एक शावक को समर्थ ग्रीन कॉलोनी में भी देखा गया। ⁠25 जनवरी की देर रात तेंदुआ का शावक फिर सीसीटीवी में क़ैद हुआ। ⁠मंगलवार रात समर्थ ग्रीन कॉलोनी के पास खेत में बछड़ा घायल हालत मिला, जिसे तेंदुआ ने घायल किया।

वन विभाग की टीम कर रही निगरानी 

वन विभाग की टीम का कहना है कि आसपास की कॉलोनी में स्टाफ तैनात किया है। तेंदुए की तलाश के लिए विभाग ने ड्रोन, नाइट विजन कैमरे लगा रखे हैं। पिंजरे भी लगाए हैं लेकिन तेंदुआ कैद नहीं हुआ। रेस्क्यू प्रभारी रेंजर योगेश यादव के मुताबिक कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे में जो फुटेज मिले हैं उसके आधार पर सुबह से सर्चिंग की जा रही है। कॉलोनी में सीमेंट की सड़क बनी हुई है, हवा भी तेज चल रही है इस कारण आज उसके पंजों के निशान नहीं मिले। इससे अंदाजा नहीं लग पा रहा है कि वह किस दिशा में गया होगा।