WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

MP Cabinet Expansion : मंत्रिमंडल के गठन में कहां पेंच अटका, दिल्ली में फिर मंथन होगा!

दिग्गजों की भूमिका बनी उलझन, हर लोकसभा क्षेत्र से एक मंत्री के नाम में भी झंझट! 

2616

 MP Cabinet Expansion : मंत्रिमंडल के गठन में कहां पेंच अटका, दिल्ली में फिर मंथन होगा!  

 

Bhopal : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम तय होने में सप्ताहभर लग गया था। अब उससे ज्यादा समय मंत्रिमंडल के गठन में लगता दिखाई दे रहा है। निर्धारित समय के अनुसार 19 दिसंबर को नए मंत्रियों का शपथ लेना तय हो गया था, फिर उसमें पेंच आ गया। अब 21 और 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक करके मंत्रियों के नाम फ़ाइनल करेंगे। इस मामले में मुख्य अड़चन दिग्गजों की भूमिका और हर लोकसभा क्षेत्र से एक मंत्री बनाने के फार्मूले को लेकर है।
मंत्रियों के नामों और मंत्रिमंडल गठन के फार्मूले को लेकर दिल्ली में मुख्यमंत्री और प्रदेश के सारे बड़े नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंत्रणा की थी। करीब 30 नाम भी फ़ाइनल होने की जानकारी सामने आई थी। मंत्रिमंडल को शपथ लेना था, लेकिन मामला अटक गया। शपथ की नई तारीख दिल्ली बैठक के बाद तय होगी।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, पूर्व सांसद राकेश सिंह, रीति पाठक और पूर्व राव उदयप्रताप सिंह की भूमिका में भी अड़ंगा आ रहा है। इसके साथ ही यदि कैलाश विजयवर्गीय को मंत्री बनाया जाता है तो इंदौर-2 सीट से तीन बार अच्छे वोटों से जीतने वाले विधायक रमेश मेंदोला के नाम में अड़चन है।
प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह बड़े नाम हैं। इनकी भूमिका को लेकर शीर्ष नेतृत्व कोई निर्णय नहीं ले पा रहा है। अब बताया जा रहा रहा है कि दिल्ली की बड़ी बैठक में सभी समीकरण साधकर निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण का भी पेंच है। ऐसे में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व नए समीकरण साध रहा है। भाजपा नेतृत्व लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर जातिगत और क्षेत्रीय आधार पर मंत्रियों के नाम तय करना चाह रहा है। लेकिन, संतुलन नहीं बन पा रहा।
इस बार एक लोकसभा क्षेत्र से एक मंत्री के फॉर्मूले पर भी चर्चा चल रही है। इस बार मंत्रिमंडल की सूची में लोकसभा चुनाव का असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी एक-एक विधायक को मंत्री बना सकती है। लेकिन, जहां भाजपा का कोई विधायक नहीं है, वहां पास के क्षेत्र से किसी को मंत्री बनने का मौका मिलेगा।

संभावित मंत्रियों में किनके नाम
संभावित मंत्रियों की सूची पहले भी सामने आई थी। लेकिन, नया पेंच आने के बाद इसमें अंतर आने की सूचना है। कहा जा रहा है कि 14 से 18 को ही शपथ दिलाई जाएगी। संभावित मंत्रियों में रामेश्वर शर्मा, रमेश मेंदोला, गोविंद राजपूत, रीति पाठक, संजय पाठक, कृष्णा गौर, हरीसिंह रघुवंशी, सरला रावत, नीना वर्मा, प्रदुम्न सिंह तोमर, अभिलाष पांडे, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, संपतिया उईके और चैतन्य कश्यप के नाम लगभग फ़ाइनल माने जा रहे हैं। लेकिन, अंत में फ़ाइनल किनके नाम तय हुए ये दिल्ली बैठक के बाद ही पता चलेगा।