WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Net Data at Ration Shop : राशन की दुकान पर अब नेट का डाटा भी सस्ता मिलेगा!

शुरू में 5 दुकानों पर ये सुविधा, बाद में बढ़ेगी

1196
WhatsApp Image 2022 08 28 At 7.04.38 PM 696x405

Indore : राशन की सरकारी दुकानों पर अब गेहूं-चावल के साथ उपभोक्ताओं को 2 से 5 रुपए में एक जीबी इंटरनेट डाटा भी मिलेगा। इंदौर में ऐसी 5 दुकानों को वाई-फाई फ्रेंडली बना दिया है। अगले चरण में 14 अन्य दुकान शामिल की जाएगी। यहां से 300 मीटर के दायरे में उपभोक्ता इंटरनेट डाटा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

इंदौर की 5 राशन दुकानों पर राउटर लगवाकर वाई-फाई के माध्यम से डाटा दिया जा रहा है। पीएम वाणी योजना के तहत दूरसंचार विभाग ने राशन दुकानों पर हाईस्पीड वाई-फाई नेट कनेक्टिविटी सेवाएं आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उचित मूल्य की दुकानों को पब्लिक डाटा ऑफिस बनाया है। हालांकि, यह डाटा दुकान के 300 मीटर के दायरे में ही इस्तेमाल होगा।

राशन दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे पब्लिक डाटा ऑफिस के रूप में पंजीकृत होने पर दूरसंचार विभाग के पब्लिक डाटा ऑफिस एग्रीगेटर द्वारा राउटर एक्सेस पाइंट लगाकर सस्ती कीमतों पर मोबाइल का इंटरनेट डाटा बेच सकेंगे। आम नागरिक भी यहां से इंटरनेट डाटा खरीद सकते हैं।

नई सुविधाएं मिलेंगी

राशन दुकानों पर एफटीएल सिलेंडर, पीएम वाई-फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस, इंडिया पोस्ट पैमेंट बैंक, विद्युत वितरण संबंधी कार्य, रिचार्ज वाउचर, एमपी ऑनलाइन आदि सुविधा मिल सकेगी। राशन दुकानों पर अभी ऑनलाइन भुगतान के दौरान परेशानियां आती है। हितग्राही घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन नई व्यवस्था के बाद यह समस्या दूर होने का दावा किया जा रहा है। बाजार में एक जीबी डाटा के 19 रुपए और दो जीबी डाटा के 29 रुपए तक लगते हैं। अब राशन दुकान संचालक को इससे आमदनी होगी और लोगों को सुविधाएं मिलेगी।