WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Newly Married Couple Missing in Sikkim : हनीमून मनाने सिक्किम गया कपल लापता, दोनों के परिवार में कोहराम मचा!

1724
WhatsApp Image 2025 06 03 At 18.33.29

Newly Married Couple Missing in Sikkim : हनीमून मनाने सिक्किम गया कपल लापता, दोनों के परिवार में कोहराम मचा!

जानिए, ऐसा क्या हुआ कि इस नवदंपत्ति का 5 दिन बाद भी पता नहीं चला!

Pratapgarh : यहां का एक नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने सिक्किम गया था, दो दिन से लापता है। 29 मई को टूरिस्टों से भरी गाड़ी बारिश में बेकाबू होकर मंगन जिले में एक पहाड़ी पर हादसे का शिकार होकर हजारों फिट गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और दो लोग घायल हैं। जबकि, आठ लोग लापता हैं। लापता में प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र के राहटिकर गांव के 29 साल के कौशेलेन्द्र प्रताप सिंह व पत्नी अंकिता (26) शामिल हैं। जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला।

बताया गया कि 5 मई को इन दोनों की शादी हुई थी। 24 मई को नवदंपति कौशलेंद्र व अंकिता हनीमून मनाने उत्तर सिक्किम के मंगन जिला के चुंगथाग इलाके गए। वहां से ये लोग एक टूरिस्ट वाहन से घूमकर वापस गंगटोक होटल में 29 मई की रात आ रहे थे। गाड़ी में ड्राइवर और 10 पर्यटक बैठे थे। रात में भारी बारिश हो रही थी, तभी यह वाहन बेकाबू होकर करीब हजार फीट नीचे तीस्ता नदी की खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों को जब सूचना लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पहुंची पुलिस ने तीन लोगों का रेस्क्यू किया। लेकिन, एक की मौके पर मौत हो चुकी थी।

दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंकिता और कौशलेंद्र सहित 8 लोग लापता हैं, जिनकी सेना और रेस्क्यू टीम तलाश कर रही है। परिजनों ने बताया कि अंकिता लखनऊ के मेदांता अस्पताल में मेडिसिन विभाग में है। कौशलेंद्र दिल्ली में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे। हादसे की खबर सुनते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। कौशलेंद्र अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। दोनों परिवार के लोग बच्चों को लेकर परेशान हैं।

जिला प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मिलकर लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि हादसे में 8 लोग अब भी लापता हैं। प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, लापता लोगों में से 6 ओडिशा और 2 लालगंज (प्रतापगढ़) जिले के निवासी हैं। दुर्घटना के दिन वाहन सीधे तीस्ता नदी में गिर गया था। मौसम की स्थिति बिगड़ने पर राहत कार्य और मुश्किल हो सकती है। क्योंकि, बारिश होने पर जलस्तर और बढ़ सकता है।

यह इलाका भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र है और यहां अक्सर इस तरह की चुनौतियां बनी रहती हैं। सिक्किम की भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए, दो-तीन महीने तक ऐसी स्थिति रहती है। एसडीएम और एसडीपीओ को निर्देश दिए गए हैं कि खोज अभियान लगातार जारी रखें। हादसे की जगह 7-8 किलोमीटर की सड़कें पूरी तरह से बंद हैं। मौके पर मौजूद टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

एसपी सोनम डेचू भूटिया ने बताया कि चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति के बावजूद राहत कार्य जारी है। पर्यटक घटना के बाद लापता हो गए। 29 मई की रात में ही दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। शेष 8 लोगों की तलाश के लिए आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है।