
NIC पोर्टल 6 दिन से ठप, समग्र सेवाएं प्रभावित; छात्रों और अभिभावकों की बढ़ी परेशानी
भोपाल। नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के पोर्टल में आई तकनीकी खराबी के कारण पिछले छह दिनों यानी शुक्रवार को भी समग्र सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। सर्वर संबंधी समस्या के चलते समग्र आईडी में नाम सुधार, पता परिवर्तन, ई-केवाईसी और अन्य आवश्यक अपडेट का काम नहीं हो पा रहा है। सबसे अधिक दिक्कत अप्रूवल प्रक्रिया में आ रही है, क्योंकि वार्ड प्रभारियों के मोबाइल पर भेजा जाने वाला ओटीपी जनरेट नहीं हो रहा है। ऐसे में अब अगले दो दिन अवकाश होने के कारण लोगों के काम सीधे सोमवार को ही हो पाएंगे। शहर के कियोस्क सेंटरों और वार्ड कार्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेज अपडेट कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन तकनीकी बाधा के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
एडमिशन और छात्रवृत्ति मिलने में ज्यादा दिक्कतें
सर्वर डाउन होने की समस्या का सबसे ज्यादा असर स्कूल और कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों तथा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले छात्रों पर पड़ रहा है। वर्तमान में स्कूल-कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है और छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथियां भी नजदीक हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने प्रशासन और एनआईसी से जल्द से जल्द तकनीकी समस्या का समाधान कर समग्र सेवाएं बहाल करने की मांग की है, ताकि लंबित कार्य समय पर पूरे हो सकें।
*नहीं हो पा रही है ई-केवाईसी*
कोलार निवासी संजीव सचदेवा ने बताया कि वे अपनी बच्ची की समग्र ई-केवाईसी कराने के लिए पिछले एक सप्ताह से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। समग्र आईडी में नाम सुधार के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते आवेदन लंबित हैं। लोग घंटों तक कियोस्क सेंटरों पर इंतजार करते हैं, लेकिन अंत में सर्वर की समस्या बताकर वापस भेज दिया जाता है।





