WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM

केएल राहुल ही करेंगे ओपनिंग, पंत को मिल सकता है मौका

बांग्लादेश से टीम इंडिया को रहना होगा सावधान

941
WhatsApp Image 2022 11 01 At 6.47.06 PM 696x445

केएल राहुल ही करेंगे ओपनिंग, पंत को मिल सकता है मौका

एडिलेड

 टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 राउंड में टीम इंडिया बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए तब और जीतना अहम हो गया है जब टीम साउथ अफ्रीका से हारकर आ रही है। इस मुकाबले से पहले कई सवाल केएल राहुल की मौजूदा फॉर्म पर भी उठे। वहीं दिनेश कार्तिक के अनफिट होने के बाद ऋषभ पंत को भी टीम में शामिल करने की खबरें आ रही हैं। फिलहाल यह तो मैच से पहले ही पता चलेगा कि टीम कॉम्बिनेशन क्या होने वाला है।
इसी बीच ऋषभ पंत को शीर्ष क्रम में उतारने की मांग भी उठ रही है लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच में भी खराब फॉर्म में चल रहे केएल राहुल को ही ओपनिंग करते हुए देखने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्योंकि मैच से एक दिन पहले हेड कोच राहुल द्रविड़ ने साफ कर दिया है कि वह राहुल को लेकर चिंतित नहीं हैं। उधर बांग्लादेश की टीम उलटफेर करती रही है। भले ही भारत जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा लेकिन सावधानी जरूरी है, क्योंकि सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पर्थ की तेज और उछाल भरी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बाद राहुल द्रविड़ भी कुछ बातों पर सोचने के लिए मजबूर हो गए होंगे। केएल राहुल अभी तक तीन मैचों में केवल 22 रन बना पाए हैं। पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ वह पूरी तरह से विफल रहे जिससे उनकी ओपनिंग पर सवाल उठने लगे। हालांकि राहुल अंतिम एकादश में बने रह सकते हैं क्योंकि कोच राहुल द्रविड़ का उन पर बहुत भरोसा है यह उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस से साफ हो गया है।
कमजोर नहीं है बांग्लादेश की गेंदबाजी
बांग्लादेश की टीम को टी20 क्रिकेट में कमजोर माना जाता है और उसके आक्रमण के सामने राहुल के लिए फॉर्म में वापसी करने का एक शानदार मौका होगा। हालांकि, मुस्ताफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, मेहदी हसन मिराज, कप्तान शाकिब अल हसन और हसन महमूद के रूप में बांग्लादेश के पास गेंदबाजी आक्रमण अच्छा है लेकिन निश्चित तौर पर वह विश्वस्तरीय नहीं है। सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली पहले ही बेहतरीन पारियां खेल चुके हैं जबकि रोहित शर्मा ने नीदरलैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमाया था। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों का पलड़ा भारी लग रहा है।
अक्षर की भी हो सकती है वापसी!
बांग्लादेश की टीम में बाएं हाथ के चार बल्लेबाज हैं। इनमें कप्तान शाकिब अल हसन, सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार और नजमुल हुसैन शंटो तथा मध्यक्रम के बल्लेबाज अफीफ हुसैन शामिल हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रविचंद्रन अश्विन को टीम में बरकरार रखा जाएगा या उनकी जगह अक्षर पटेल को लिया जाएगा। पिछले मैच में डेविड मिलर ने अश्विन की जमकर धुनाई की थी। भारतीय तेज गेंदबाजों की बात करें तो भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी को बांग्लादेश के बल्लेबाजों से निपटने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बांग्लादेश के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजों के अनुकूल होने वाली पिचों पर अभी तक जूझते नजर आ रहे हैं। पिछले तीन मैचों में केवल शंटो ही 100 से अधिक रन बना पाए हैं। उनके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज अफीफ का नंबर आता है। भारतीय गेंदबाजों के सामने उनके बल्लेबाजों पर दबाव होगा। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली टीम एडिलेड की मशहूर संध्या के समय का फायदा उठा सकती है जबकि गेंद अधिक स्विंग करती है।