WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Operation Muskan : रात में खोए दो बच्चों को पुलिस ने देर रात ढूंढ निकाला!

कुरकुरे खरीदने गए थे, रास्ता भटककर 4 किमी दूर पहुंच गए!

686

Operation Muskan : रात में खोए दो बच्चों को पुलिस ने देर रात ढूंढ निकाला!

Indore : राजेन्द्र नगर पुलिस ने घंटो की लगातार मशक्क़त के बाद देर रात गुम हुए छोटे बच्चो को ढूंढकर उनके परिजनों को सौंपा। पुलिस ने इन बच्चो की खोज में लगातार सीसीटीवी कैमरों, माइक से अनाउंसमेन्ट व घर-घर जाकर पूछताछ कर इन बच्चो का पता लगाया और खोजकर बच्चों को सकुशल माता पिता के सुपुर्द किया। बताया गया कि ये बच्चे रात में दुकान पर कुरकुरे खरीदने गए थे। लेकिन, रास्ता भटककर घर से बहुत दूर पहुंच गए।

पुलिस थाना राजेन्द्र नगर पर दो बच्चों के लापता होने की सूचना रात करीब 9 बजे प्राप्त हुई कि अमर पैलेस बस्ती में निर्माणाधीन मकान के चौकीदार का 2 वर्षीय बेटा और वहीं के एक मजदूर की 8 वर्षीय बेटी दोनों बच्चे कुरकुरे लेने बस्ती की एक किराना दुकान पर गए थे। लेकिन, वहां से देर रात तक वापस घर नहीं लौटे। बहुत ढूंढा लेकिन नहीं मिल सके। पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में राजेंद्र नगर टी आई स्वयं थाने से अलग-अलग पुलिस टीमो के साथ रवाना किया और दोनों बच्चों को तलाशना शुरू किया।

पुलिस टीमों ने लगातार सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन बस्ती में पर्याप्त संख्या मे कैमरे न होने और रात अधिक होने व अंधेरा होने से पुलिस के प्रयास सफल नहीं हो पाए। इसके बाद पुलिस टीमों ने पुलिस वाहन से लगातार अनाउंसमेंट कर और घर-घर जाकर पूछताछ करना शुरू किया गया। शुरू में सफलता नहीं मिली, लेकिन करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्क़त के बाद अंततः पुलिस की मेहनत रंग लाई और दोनों बच्चे अपने घर से करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम छापरी में सकुशल सुरक्षित मिल गए। बच्चों ने पूछताछ पर बताया कि दुकान पर सामान खरीदने गए थे और रास्ता भटक गए थे।

8 वर्षीय बालिका अपने मजदूर माता-पिता के साथ 3 दिन पहले ही मांडव से इंदौर आई है और इस वजह से नई जगह होने से रास्ता भटक गई और दोनों बच्चे घर से इतनी दूर जा पहुंचे।

थाना राजेन्द्रनगर पुलिस द्वारा दोनों बच्चों को उनके माता पिता के सुपुर्द किया गया। बच्चों को सकुशल व सुरक्षित देखकर माता-पिता की आँखें छलक उठी, और उन्होंने पूरी पुलिस टीम को धन्यवाद दिया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी राजेन्द्र नगर सतीश पटेल समेत पूरी टीम का सहयोग रहा।