WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Police Vehicle Rally : महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागृति के लिए इंदौर पुलिस की वाहन रैली! 

महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली से 'सशक्त नारी-सशक्त समाज' निर्माण का संदेश दिया!

491

Police Vehicle Rally : महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागृति के लिए इंदौर पुलिस की वाहन रैली! 

Indore : लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, मध्यप्रदेश में जनकल्याणी पर्व मनाया जा रहा है। इस तारतम्य मे पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुक्रम में,महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम व उनकी सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए आयोजन किए गए। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार को एक विशेष कार्यशाला व जन जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया।

महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी तथा उनमें सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन पुलिस आयुक्त नगरीय संतोष कुमार सिंह मुख्य आतिथ्य में किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त मुुख्यालय प्रकाश परिहार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सीमा अलावा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महिला अपराध संध्या राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल मनीषा पाठक सोनी, विशेष लोक अभियोजन अधिकारी सुश्री प्रीति अग्रवाल व अन्य पुलिस अधिकारियों सहित, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, संस्था आस से जुड़ी बालिकाएं, पुलिस के सृजन कार्यक्रम से जुड़ी बालिकाएं एवं इंदौर पुलिस की महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम की शुरूआत महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर पर आधारित एक डाक्यूमेन्ट्री फिल्म का प्रदर्शन करके किया गया। इस कार्यशाला में एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह व मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित सभी अधिकारियों ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के आदर्श जीवन व उनके शासनकाल की महत्वपूर्ण बातें बताई। उन्होंने वहां उपस्थित सभी बालिकाओं को महिलाओं के अधिकारों व प्रावधानों से परिचय करवाते हुए निडर व सशक्त बन अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया और किसी भी अपराध व गलत बात को सहन नही कर अपने परिजन व पुलिस को बताने के बारे में बताया गया।

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी से कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर नारी सशक्तिकरण की सजीव प्रतिमूर्ति थीं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आप सबको भी सशक्त समाज के निर्माण में महती भूमिका निभानी है। उन्होनें बालिकाओं को निर्भिक व निडर होकर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया। वहीं महिला पुलिस कर्मियों को कहा कि आप समाज में सशक्त नारी के रूप मेें आदर्श प्रस्तुत कर अपने आसपास सभी को जागरूक करें। साथ ही उन्होंने इंदौर पुलिस द्वारा इस दिशा में चलाये जा रहे सृजन कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई।

IMG 20250531 WA0001

कार्यक्रम के दौरान महिला अपराधों व उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए बनाएं गए पम्पलेट्स का अनावरण भी किया गया, जिन्हें विभिन्न सार्वजनिक स्थानों व कार्यक्रमों में महिलाओं को वितरित कर, उन्हें जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और जागरूकता की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की एक वाहन रैली भी आयोजित की गई। इसे पुलिस कमिश्नर द्वारा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी देकर रवाना किया गया।

उक्त रैली पुलिस आयुक्त कार्यालय पलासिया से प्रारंभ होकर रीगल चौराहा, कृष्णापुरा क्षत्रियों से राजवाड़ा से एमजी रोड़, 56 दुकान आदि मार्गो से होते हुए पु़नः पुलिस आयुक्त कार्यालय पलासिया पर समाप्त हुई। रैली के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा उपायों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी पोस्टर्स एवं पम्पलेट्स के माध्यम से दी गई। रैली के माध्यम से सभी को सशक्त नारी सशक्त समाज का संदेश भी दिया गया।