WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Sangeet Natak Academi Award : राजीव वर्मा, अशोक सराफ और बॉम्बे जयश्री को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार!

6 एकेडमी फेलो और 92 कलाकारों के नाम की घोषणा, जिन्हें ये प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलेगा!

1188
WhatsApp Image 2024 03 01 At 07.50.43

Sangeet Natak Academi Award : राजीव वर्मा, अशोक सराफ और बॉम्बे जयश्री को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार!

नई दिल्ली। बुधवार को संगीत नाटक अकादमी ने पुरस्कारों का एलान किया। नाटक अकादमी ने 6 एकेडमी फेलो और 92 कलाकारों के नाम की घोषणा की, जिन्हें वर्ष 2022 और 2023 के लिए प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलेगा। इसमें अभिनेता अशोक सराफ, राजीव वर्मा और सिंगर बॉम्बे जयश्री सहित कई हस्तियां शामिल हैं। राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी कला के क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो के रूप में चुनती है।

लोक गीतकार और लेखक विनायक खेडेकर, वीणा वादक आर विश्वेश्वर, कथक नर्तक सुनयना हजारीलाल, कुचिपुड़ी नृत्य युगल राजा और राधा रेड्डी, थिएटर निर्देशक दुलाल रॉय और नाटककार डीपी सिन्हा अकादमी के फेलो हैं।

नई दिल्ली में संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद, राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी ने 21 और 22 फरवरी 2024 को नई दिल्ली में आयोजित अपनी बैठक में सर्वसम्मति से कला के अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) के रूप में चुना है। बयान में कहा गया कि अकादमी की फेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और दुर्लभ सम्मान है।

कितनी पुरस्कार राशि मिलेगी

अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए अकादमी पुरस्कारों के लिए संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक, लोक, आदिवासी संगीत, नृत्य, रंगमंच, कठपुतली और विभिन्न कला में प्रदर्शन और योगदान के लिए 92 कलाकारों का भी चयन किया गया। अकादमी फेलो के पुरस्कार में 3 लाख रुपए की पुरस्कार राशि होती है। जबकि, अकादमी पुरस्कार में ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के अलावा एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है।

अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए 80 युवा कलाकारों के नामों की भी घोषणा की। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार में ‘ताम्रपत्र’ और ‘अंगवस्त्रम’ के अलावा 25,000 रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है। युवा पुरस्कार एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष द्वारा दिए जाएंगे।