WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Sarafa Chowpatty Will not be Removed : महापौर ने फैसला किया सराफा चौपाटी नहीं हटेगी, व्यापारी नाराज!

व्यापारी बोले 80 दुकानदारों के लिए 2 हजार व्यापारियों की बात को नहीं सुना गया! 

773

Sarafa Chowpatty Will not be Removed : महापौर ने फैसला किया सराफा चौपाटी नहीं हटेगी, व्यापारी नाराज!

 

Indore : सराफा चौपाटी हटाने पर अड़े व्यापारियों ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मुलाकात की। उन्होंने सराफा व्यापारियों से कहा कि सराफा चौपाटी इंदौर की पहचान है, इसे हटाया नहीं जा सकता। सराफा व्यापारियों ने महापौर के इस फैसले को एकतरफा बताया। नाराजगी जताते हुए सराफा व्यापारियों ने कहा कि सराफा चौपाटी के 80 दुकानदारों के लिए 2 हजार सराफा व्यापारियों की नहीं सुनी जा रही।

सराफा व्यापारियों का कहना है कि 1 सितंबर से सराफा व्यापारी चौपाटी के दुकानदारों को किराए पर जगह नहीं देंगे। इसके लिए हम सराफा व्यापारियों से शपथ पत्र लेंगे। बैठक में सराफा चौपाटी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में महापौर ने कहा कि सराफा चौपाटी केवल स्वाद का केंद्र ही नहीं, बल्कि इंदौर की परंपरा और धरोहर है। इंदौर को स्वाद की राजधानी बनाने में सराफा चौपाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश और दुनिया से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, अनुशासन और परंपरा को बनाए रखने के लिए नगर निगम पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

महापौर ने बताया कि निगम की जन समिति में लंबे विचार-विमर्श और सुझावों के बाद यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि सराफा चौपाटी अपनी विशिष्ट पहचान के साथ विश्व प्रसिद्ध है और इसे परंपरागत व्यंजनों के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में जारी रखना आवश्यक है।

जगह नहीं देंगे तो कहां दुकान लगेगी

सराफा व्यापारी एसोसिएशन के मंत्री बसंत सोनी ने कहा कि 1 सितंबर से सराफा व्यापारी चौपाटी के दुकानदारों को किराए पर आगे की जगह नहीं देंगे तो वे दुकान कहां लगाएंगे। हमें सुरक्षा ज्यादा जरूरी है। चौपाटी के लिए जगह कहीं भी दी जा सकती है, वहां सभी पार्किंग, गैस लाइन सहित अन्य सभी सुरक्षा के इंतजाम किए जाना चाहिए। सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने कहा कि इतनी अधिक संख्या में दुकानें लगने के कारण यदि हादसा होता है तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी अंदर तक नहीं पहुंच पाएगी। अफरा-तफरी में बड़ा हादसा भी होने की आशंका है। कई बार सफाई भी नहीं करते। इस वजह से सराफा व्यापारियों को अगले दिन परेशानी होती है।

एमआईसी द्वारा सराफा चौपाटी की सुरक्षा व अन्य व्यवस्था के लिए निगम आयुक्त को अधिकृत किया है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सराफा व्यापारियों का हित सुरक्षित रहेगा और चौपाटी लगाने वालों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। दोनों पक्षों से सुझाव लिए गए हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

बैठक में निगम आयुक्त शिवम वर्मा, महापौर परिषद सदस्य निरंजन सिंह चौहान, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकुम सोनी, कोषाध्यक्ष अजय लाहोटी, कार्यकारी सदस्यय अविनाश शास्त्री एवं सराफा चौपाटी एसोसिएशन के अध्यक्ष राम गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद थे।