WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

नहाने का असली मजा यहीं है कहकर लगाई छलांग, फिर नहीं लौटा युवक

573

नहाने का असली मजा यहीं है कहकर लगाई छलांग, फिर नहीं लौटा युवक

जानिए कैसे बचा उसका साथी

खरगोन :सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का जुनून एक 40 वर्षीय युवक की जान पर भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में महेश्वर के समीप स्थित प्रसिद्ध पर्यटन और पिकनिक स्थल सहस्त्रधारा में हरियाणा के एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बार-बार नदी में छलांग लगाकर अपने दोस्तों से वीडियो बनाने के लिए कह रहा था। लोगों द्वारा लगातार मना किए जाने के बावजूद उसने एक बार फिर तेज धार में छलांग लगा दी और कुछ ही क्षणों में बहते हुए आंखों से ओझल हो गया।

महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि मृतक की पहचान हरियाणा के हिसार निवासी 40 वर्षीय संजय सतवीर के रूप में हुई है। संजय पेशे से कारपेंटर था और धार जिले के धामनोद में अपने साथियों के साथ फर्नीचर निर्माण का काम कर रहा था। सोमवार को वह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार संजय सहस्त्रधारा में लगातार जंप लगाकर वीडियो बनवा रहा था। उसने सेल्फी भी ली और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान कहा कि “नहाने का असली मजा तो सहस्त्रधारा में है।” आसपास मौजूद लोगों और दोस्तों ने उसे तेज बहाव में जाने से रोका, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद वह एक खतरनाक जलधारा में कूद गया और बहते-बहते नजरों से गायब हो गया।

बताया गया कि उसका एक अन्य साथी भी उसके साथ छलांग लगाने वाला था, लेकिन अंतिम क्षण में उसने अपना इरादा बदल दिया। पुलिस का मानना है कि इस निर्णय ने उसकी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने खोज अभियान शुरू किया, लेकिन मंगलवार तक उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को उसका शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि सहस्त्रधारा नर्मदा नदी का एक प्राकृतिक और बेहद आकर्षक स्थल है, जहां तेज जलधाराएं और चट्टानी ट्रैक मौजूद हैं। इसी प्राकृतिक ट्रैक पर व्हाइट वॉटर स्पोर्ट ‘कैनो स्लालम’ की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। अधिकारियों के अनुसार यहां नहाना या गहरे पानी में उतरना बेहद जोखिमभरा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले दस वर्षों में 50 से अधिक लोग यहां हादसों का शिकार हो चुके हैं।