WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

गंभीर और संवेदनशील मामला: खरगोन जिले में नाबालिग आदिवासी लड़की का अपहरण,धर्म परिवर्तन,नाम बदल कर जबरन शादी,आरोपी गिरफ्तार

388
WhatsApp Image 2026 04 14 At 10.15.47 AM

गंभीर और संवेदनशील मामला: खरगोन जिले में नाबालिग आदिवासी लड़की का अपहरण,धर्म परिवर्तन,नाम बदल कर जबरन शादी,आरोपी गिरफ्तार

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भगवानपुरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने 29 वर्षीय शेख सलमान को नाबालिग आदिवासी लड़की के अपहरण, जबरन विवाह और अवैध रूप से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। लड़की को जब बरामद किया गया तब वह 3 महीने की गर्भवती थी।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 जनवरी की है, जब नाबालिग लड़की स्थानीय हाट बाजार (साप्ताहिक बाजार) गई थी और वहीं से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके चलते पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
सिरवेल पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप ठाकरे ने बताया कि मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम महाराष्ट्र के औरंगाबाद पहुंची। वहां आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद किया गया।आरोपी की पहचान शेख सलमान निवासी बुलढाणा (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
आरोपी को हिरासत में लेकर सोमवार शाम स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मुलाकात सलमान से महाराष्ट्र में मजदूरी के दौरान हुई थी। आरोपी ने खुद को आदिवासी समुदाय का सदस्य बताकर उसका विश्वास जीता। बाद में वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और अपनी असली पहचान उजागर की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को डराकर उससे जबरन शादी की और उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करवाया। इतना ही नहीं, उसका नाम भी बदल दिया गया। पीड़िता ने कई बार शारीरिक शोषण के आरोप भी लगाए हैं। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि लड़की तीन माह की गर्भवती है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
भगवानपुरा थाना प्रभारी इलाप सिंह मुजाल्दे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, दुष्कर्म और अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।